Mausam Ki Jankari: दिल्ली-NCR से रूठा मानसून, बिना बरसे ही जा रहे बादल; दो जुलाई तक बारिश के आसार
दिल्ली में मानसून समय से पहले ही पहुंच गया था। लोग उम्मीद कर रहे थे कि मानसून की बारिश जारी रहेगी, लेकिन दिल्ली में बारिश के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं।
विस्तार
दिल्ली-मुंबई में रविवार को मानसून की दस्तक एक साथ हुई। मुंबई में तेज बारिश हो रही है, लेकिन दिल्ली-एनसीआर में मानसून रूठ सा गया है। केवल कुछ इलाकों में ही हल्की बारिश हो रही है। बादल बिना बरसे ही जा रहे हैं। मौसम विभाग का कहना है कि दो जुलाई तक हल्की बारिश के ही आसार हैं। वहीं, बादलों की आवाजाही से लोगों को चिलचिलाती धूप और गर्मी से थोड़ी राहत मिली है, लेकिन उमस परेशान कर रही है।
दिल्ली में मानसून समय से पहले ही पहुंच गया था। लोग उम्मीद कर रहे थे कि मानसून की बारिश जारी रहेगी, लेकिन दिल्ली में बारिश के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। दो से तीन इलाकों में हल्की बारिश तो कुछ इलाकों में धूप निकल रही है। लोगो को तेज बारिश का इंतजार है।
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 36.4 डिग्री व न्यूनतम तापमान भी सामान्य से एक डिग्री कम 27.1 डिग्री दर्ज किया गया। दिल्ली में औसत बारिश 000.1 मिमी दर्ज की गई, जबकि पालम में सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक 013.8 मिमी बारिश, आयानगर में 024.6 मिमी व नजफगढ़ में 002.0 मिमी बारिश हुई। बाकी इलाके बारिश के लिए तरसते रहे।