सोमवार से खुल सकते हैं बाजार! सबसे बड़े व्यापारिक केंद्रों में सैनिटाइजेशन अभियान शुरू
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ग्रीन जोन में औद्योगिक गतिविधियों और बाजारों को खोलने के हिमायती रहे हैं। उन्होंने कई बार इस बात को स्पष्ट भी कर दिया है।
इसी बीच व्यापारियों ने वित्त मंत्री मनीष सिसोदिया से मिलकर बाजारों को खोलने की मांग भी की है। सरकार के रुख से व्यापारियों को उम्मीद है कि सोमवार से बाजारों को खोलने की अनुमति मिल सकती है। इसे देखते हुए व्यापारियों ने अभी से अपनी तैयारियां भी शुरू कर दी हैं।
दिल्ली के सबसे बड़े व्यापारिक केंद्र चावड़ी बाजार, नया बाजार, स्वामी श्रद्धानंद बाजार, कटरा बाजार और लाहौरी गेट में गुरुवार से ही सैनिटाइजेशन अभियान शुरू कर दिया गया है। राजधानी क्षेत्र के प्रमुख व्यापारी प्रेम अरोड़ा ने बताया कि व्यापारी संगठनों को इस बात की उम्मीद है कि सोमवार से उन्हें दुकानें खोलने की अनुमति मिल जाएगी।
इसे देखते हुए गुरुवार से ही बाजारों को सैनिटाइज किया जा रहा है। व्यापार शुरू होने के बाद भी दुकानों के अंदर भी सैनिटाइजेशन किया जाएगा।
एक अन्य व्यापारी हेमंत गुप्ता ने बताया कि बाजार खुलने के बाद उन सबकी बड़ी चुनौती कोरोना संक्रमण का खतरा टालते हुए व्यापार चालू रखने की होगी। इसके लिए अभी से रणनीति बनाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि दुकानों को ऑड-ईवन योजना के तहत खोलने से भी बाजार में भीड़ कम हो सकेगी। इसके अलावा हर प्रतिष्ठानों पर एक कर्मचारी ग्राहकों और अन्य आने वालों के हाथों को सैनिटाइज करने के लिए काम करेगा जिससे कोरोना संक्रमण के खतरे को कम किया जा सके।
आम आदमी पार्टी के व्यापारिक प्रकोष्ठ के संयोजक ब्रजेश गोयल ने बताया कि सरकार को अब तक पांच लाख से अधिक सुझाव मिल चुके हैं। इनमें बाजारों को खोलने की अपील की गई है।
हालांकि इसके लिए कुछ जरूरी प्रतिबंध लगाने की बात भी कही गई है जिससे कोरोना संक्रमण का खतरा और अधिक न बढ़े। उन्होंने कहा कि, केंद्र सरकार का रुख सामने आने के बाद सरकार इस पर अंतिम फैसला ले सकती है।