{"_id":"67da2fc3b0c06f21550b966b","slug":"mangi-bridge-is-being-damaged-by-heavy-vehicles-2025-03-19","type":"story","status":"publish","title_hn":"Delhi Bridge: भारी वाहनाें से मंगी ब्रिज को नुकसान, लगाया जाएगा हाइट बैरियर; लाल किले को सलीमगढ़ से है जोड़ता","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Delhi Bridge: भारी वाहनाें से मंगी ब्रिज को नुकसान, लगाया जाएगा हाइट बैरियर; लाल किले को सलीमगढ़ से है जोड़ता
Wed, 19 Mar 2025 08:15 AM IST
अनुज कुमार
अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली
अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली
Published by: अनुज कुमार
Updated Wed, 19 Mar 2025 08:15 AM IST
सार
दिल्ली के बाहरी रिंग रोड पर भारी वाहनाें से मंगी ब्रिज को नुकसान पहुंच रहा है। पीडब्ल्यूडी की तरफ से सुरक्षा के लिए हाइट बैरियर लगाया जाएगा।
विज्ञापन
दिल्ली की सड़क (फाइल फोटो)
- फोटो : एएनआई
विस्तार
बाहरी रिंग रोड पर लाल किले को सलीमगढ़ से जोड़ने वाले ऐतिहासिक मंगी ब्रिज को भारी वाहनों के कारण नुकसान पहुंच रहा है। ऐसे में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ब्रिज की सुरक्षा के लिए हाइट बैरियर लगाएगा। अधिकारियों का कहना है कि ब्रिज के नीचे भारी यातायात के कारण बार-बार नुकसान पहुंच रहा है। बीते साल ब्रिज की मरम्मत भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की तरफ से की गई थी। रिंग रोड पर ब्रिज के पास बाएं और दाएं दोनों कैरिजवे पर हाइट बैरियर लगेंगे। इसके लिए जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी। टेंडर आवंटित होने के बाद दो माह में काम पूरा किया जाएगा।
विज्ञापन
उत्तर-पूर्वी दिल्ली से रिंग रोड पर आने वाले यातायात के कारण कश्मीरी गेट आईएसबीटी से मंगी ब्रिज पर भारी यातायात होता है। करीब 150 साल पुराना यह ब्रिज एएसआई द्वारा संरक्षित है। पुल में तीन मेहराब हैं, जिनमें से प्रत्येक के नीचे दो लेन हैं।
विज्ञापन
इससे पहले एएसआई द्वारा संरक्षित त्रिपोलिया गेट पर भी हाइट बैरियर लगाया गया था। मंगी ब्रिज को हर दो साल में मरम्मत की जरूरत पड़ती है और 2010 में राष्ट्रमंडल खेलों से पहले यूनाइटेड किंगडम की एक टीम की मदद से इसका बड़े स्तर पर जीर्णोद्धार किया गया था।
विज्ञापन
पीडब्ल्यूडी का कहना है कि ब्रिज के नीचे से ओवरलोड ट्रकों के गुजरने से नुकसान पहुंच रहा है। इसका समाधान हाइट बैरियर है। इससे पहले एएसआई ने ट्रैफिक पुलिस से भारी वाहनों के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले मार्ग को बदलने को कहा था, लेकिन बताया गया कि यह संभव नहीं है क्योंकि यह राजमार्ग है।