होलिका दहन के बाद सोने गया था मनदीप: मच्छर भगाने के लिए जलाई कमरे में कॉइल, सुबह मरा मिला खत्री
पुलिस उपायुक्त सचिन शर्मा ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला कि मनदीप अपने कमरे में मच्छर भगाने वाली कॉइल जलाकर सो रहा था। जिससे उसके बिस्तर में आग लगी। धुएं की वजह से उसका दम घुटने से उसकी मौत हो गई।
विस्तार
दिल्ली स्थित किराड़ी के रतन विहार इलाके में शुक्रवार तड़के एक युवक की कमरे में झुलसकर मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त 25 साल के मनदीप खत्री के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में पता चला कि युवक कमरे में मच्छर भगाने वाला कॉइल जलाकर सो रहा था। जिससे बिस्तर में आग लगने से उसका दम घुट गया और बाद में झुलस गया। राज पार्क थाना पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया है और मामले की जांच कर रही है।
1.30 रात को लौटा था घर
मनदीप खत्री परिवार के साथ रतन विहार में रहते थे। परिवार में माता-पिता और एक बड़ा भाई और एक बहन है। बृहस्पतिवार की देर रात वह अपने दोस्तों के साथ होलिका दहन में शामिल हुए थे। रात करीब 1:30 बजे अपने घर की पहली मंजिल जाकर अपने कमरे में सो गए। तड़के करीब चार बजे बिजली जाने की वजह से भूतल पर सो रहे परिवार के सदस्य घर के बाहर निकले।
बिस्तर पर झुलसी अवस्था में पड़ा था मनदीप
परिवार वालों ने मनदीप के कमरे से धुआं निकलते देखा। परिवार वाले तुरंत भाग कर पहली मंजिल पर पहुंचे। दरवाजा अंदर से बंद था। परिवार वालों ने दरवाजा तोड़ दिया। मनदीप बिस्तर पर पूरी तरह से झुलसी अवस्था में पड़ा था। आग से घर में रखा सारा सामान जल चुका था। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्राइम और फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने वहां से साक्ष्य हासिल किए।
कॉइल से लगी बिस्तर में आग
पुलिस उपायुक्त सचिन शर्मा ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला कि मनदीप अपने कमरे में मच्छर भगाने वाली कॉइल जलाकर सो रहा था। जिससे उसके बिस्तर में आग लगी। धुएं की वजह से उसका दम घुटने से उसकी मौत हो गई। उसके बाद आग में झुलस गया। उन्होंने बताया कि मौके से किसी गड़बड़ी का कोई साक्ष्य नहीं मिला है। राजपार्क थाना पुलिस ने बीएनएस की धारा-194 के तहत मामले की जांच कर रही है।