लव जेहाद : नाम बदल कर लिव इन में रहा, सच पता चलने पर बोला- शादी या चेहरे पर एसिड
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कविनगर थाना क्षेत्र में लव जेहाद का नए तरह का मामला सामने आया है। सोनभद्र निवासी रीना (परिवर्तित नाम) ने मामले में कविनगर थाने में तहरीर दी है। तहरीर के मुताबिक, दूसरे समुदाय के युवक ने नाम बदलकर कई साल तक लिव इन रिलेशनशिप रखी।
इस दौरान युवक ने पीड़िता के लाखों रुपये भी हड़प लिए। सही नाम पता चलने पर युवती ने युवक से दूरी बना ली। अब आरोपी ब्लैकमेल कर शादी का दबाव बना रहा है और शादी नहीं करने पर अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने और चेहरे पर तेजाब डालने की धमकी दे रहा है। आरोपी के डर से युवती नौकरी छोड़कर बहन के साथ रह रही है।
सोनभद्र निवासी रीना बहन के साथ शास्त्री नगर में रहती है। वह 2011 में नौकरी करने नोएडा आई थी। नोएडा में मामा के लड़के के जरिए उसकी मुलाकात झारखंड निवासी उस्मान (परिवर्तित नाम)से हुई। उसने अपना नाम ‘जय’ बताया था।
उसने नोएडा में ही युवती की एक फर्नीचर कंपनी में नौकरी लगवा दी। दोनों की अच्छी जान-पहचान हो गई तो युवक ने उसके कमरे के पास ही कमरा किराए पर ले लिया। कुछ दिन बाद दोनों ही एक घर में लिव इन रिलेशनशिप में रहने लगे।
न मिलता पासपोर्ट तो न पता चलता सच
बाद में युवती ने गाजियाबाद की एक कोरियर कंपनी में नौकरी कर ली और चिरंजीव विहार में किराए के मकान रहने लगी। युवक भी गाजियाबाद में आकर उसी के साथ रहने लगा। 2014 में विवाद के बाद युवक अलग रहने लगा था, लेकिन तकरीबन डेढ़ साल बाद फिर से दोस्ती कर ली और लिव इन रिलेशनशिप में रहने लगे।
इस दौरान वह युवती से घर का सामान लाने और किराया देने के नाम पर उसकी सैलरी भी लेता रहा। आरोप है कि युवक ने उससे एक कागज पर साइन भी करा लिए। करीब पांच माह पहले युवती को उसका पासपोर्ट मिला तो उस पर उसका असली नाम लिखा था।
अलग समुदाय का होने से वह उससे अलग हो गई, लेकिन अब युवक उस पर जबरन शादी का दबाव बना रहा है। युवती को उसका अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर डालने के नाम पर ब्लैकमेल कर रहा है।
युवती के ऊपर तेजाब डालने और चेहरा खराब करने की धमकी दी है। धमकी से डरी युवती दो माह से नौकरी छोड़कर बहन के साथ रह रही है। युवती ने बृहस्पतिवार को कविनगर थाने में तहरीर दी है। एसएचओ समरजीत सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी पर कार्रवाई की जाएगी।
युवती को युवक का पासपोर्ट मिलने पर सच का पता चला। उसमें युवक नाम और समुदाय बदला हुआ था। इसके बाद उसने युवक से तो कुछ नहीं कहा, लेकिन उससे दूरियां बना लीं।