जब आमने-सामने आए किरण-केजरीवाल
विधानसभा चुनाव के दौरान एक दूसरे के खिलाफ जमकर प्रचार करने वाले अरविंद केजरीवाल और किरण बेदी का मंगलवार को एक बार फिर आमने-सामने आ गए। मौका था दिल्ली पुलिस की ओर से आयोजित एट होम का।
इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद थे। चुनाव प्रचार के दौरान एक दूसरे पर हमला बोलने वाले ये तीनों दिग्गज साथ जरूर दिखे, लेकिन एक दूसरे से औपचारिकता निभाने के अलावा खास बातचीत नहीं की।
वहां मौजूद लोगों की मानें तो एक समय ऐसा भी आया जब केजरीवाल व किरण बिल्कुल आमने-सामने बैठे, लेकिन दोनों आपस में बातचीत करने से बचते रहे।
मोदी और केजरीवाल के बीच नहीं हुई बातचीत
दिल्ली पुलिस के स्थापना दिवस के अवसर पर मंगलवार को दिल्ली पुलिस के आयुक्त बीएस बस्सी ने महामहिम राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री राजनाथ सिंह, दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत कई गणमान्य लोगों को एट होम पार्टी में बुलाया था।
तीनमूर्ति में आयोजित समारोह में सभी गणमान्य लोग पहुंचे। पार्टी में अरविंद केजरीवाल और नरेंद्र मोदी एक सोफा पर बैठे थे और इन दोनों के बीच गृहमंत्री बैठे हुए थे। उस दौरान दोनों के बीच कोई संवाद नहीं हुआ।