प्रेमी ने की छोटी सी भूल तो पंचायत ने सरेआम कराई जूतों से पिटाई, प्रेमिका को मिलने से रोका
नूंह जिले के पुन्हाना उपमंडल के दो पड़ोसी गांवों के प्रेमियों को आपस में प्रेम करना और अपने घरों से फरार होना भारी पड़ गया। इस मामले से दोनों गांवों के बीच खूनखराबे तक की नौबत पहुंच गई थी।
आखिरकार लड़की वालों ने लड़के वालों पर दबाव बनाकर प्रेमी जोडे़ को वापस बुला लिया। दोनों गांवों के प्रमुख लोगों की मंगलवार को पंचायत हुई।
फैसला सुनाने से पहले दोनों पक्षों से पंचायत ने 80-80 हजार रुपये बतौर सिक्योरिटी जमा करा लिए, जिससे बिरादरी के फैसले से कोई मुकर न सके। पंचायत के फैसले को पूरी तरह गुप्त रखा गया था। जिसकी पुलिस और मीडिया को जानकारी नहीं दी गई।
पंचायत ने तुगलकी फरमान सुनाते हुए प्रेमी को भरी पंचायत में पांच जूते मारे और 80 हजार रुपये का आर्थिक जुर्माना भी लगाया। जिसको अदा भी कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बाद में आर्थिक जुर्माना वापस कर दिया गया।
लड़का अब लड़की से मिलेगा तो 51 लाख रुपये जुर्माना अदा करना होगा
पंचायत ने यह फरमान भी सुनाया कि अगर लड़का आगे से लड़की से मिलेगा तो 51 लाख रुपये जुर्माना अदा करना पडे़गा। मंगलवार को सुबह से ही सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा था।
जिसमें एक पंचायत द्वारा एक युवक के पीछे हाथ बांधकर गांव में घुमाने-पीटने के अलावा पंचायत के सामने पांच जूते सिर पर मारने के अलावा दंड के रूप में 80 हजार रुपये वसूलने की बात कही जा रही थी।
जब पंचायत का एक बुजुर्ग युवक को पांच जूते मारने की सजा दे रहा था तभी किसी अज्ञात शख्स ने यह वीडियो बनाया और बाद में उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो साफ न होने की वजह पंचायत के लोगों की पहचान करना मुश्किल हो रहा था।
अमर उजाला ने इसकी पड़ताल शुरू की। वीडियो की मार्फत जब जानकारी जुटाई गई तो मामला सही पाया गया। जिन दो गांवों का मामला है वे पड़ोसी गांव हैं और पुन्हाना शहर से इन गांवों की दूरी करीब 10 किलोमीटर है। वीडियो अमर उजाला के पास सुरक्षित है।