केजरीवाल बता रहे हैं अपना लाल बहादुर शास्त्री कनेक्शन
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा दिल्ली की सत्ता छोड़ने पर चारों ओर हो रही आलोचना से बचने के लिए अपनी सफाई का हाईटेक तरीका अपनाया है।
केजरीवाल ने अपनी रिकार्ड की गई आवाज को मोबाइल नंबरों पर फोन कर न केवल सफाई दे रहे हैं बल्कि लोगों से अपने प्रत्याशियों को जिताने की अपील भी कर रहे हैं। यह फोन कॉल मुंबई से की जा रही है। ज्ञात को जनलोकपाल बिल पास कराने के लिए कांग्रेस का सहयोग न मिलने की बात कहकर आप नेता अरविंद केजरीवाल ने महज 49 दिनों में ही मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।
इस्तीफा देने के बाद ही विपक्षी दलों सहित आम आदमी भी उनकी जमकर आलोचना करना शुरू कर दिया। लोकसभा चुनाव को देखते हुए केजरीवाल अब जनता को फोन कर इस्तीफे पर सफाई दे रहे हैं।
मुंबई की लैंडलाइन से किया जा रहा फोन
केजरीवाल द्वारा इस्तीफा देने को लेकर उनकी आवाज रिकार्ड की गई है। उस रिकार्ड आवाज को यहां के लोगों के मोबाइल पर इस नंबर +912233763000 से फोन किया जा रहा है।
कॉल रिसीव करते ही हेलो बोलने पर दूसरी ओर से अरविंद केजरीवाल की आवाज सुनाई देने लगती है। करीब एक से डेढ़ मिनट में केजरीवाल अपनी बात कहकर लोगों से समर्थन करने की अपील भी करते हैं।
दिल्ली में 50 सीटें आने का कर रहे दावा
केजरीवाल सफाई देते हुए कहते हैं कि ‘कहां भागे हैं। हम तो यहीं हैं। आजकल तेजी से दुष्प्रचार किया जा रहा है कि अरविंद केजरीवाल दिल्ली छोड़कर भाग गया। लेकिन ऐसा नहीं है। हमने अपने सिद्धांतों पर इस्तीफा दिया है।
लाल बहादुर शास्त्री जी ने भी एक रेल एक्सीडेंट होने पर खुद की जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दिया था। हमने उसी सिद्धांत को अपनाया और भ्रष्टाचारियों को रोकने के लिए इस्तीफा दिया’। रिकार्ड आवाज में केजरीवाल यह दावा करते हैं कि दोबारा दिल्ली विधानसभा चुनाव में 50 सीटें मिलेंगी । तब हम सरकार चलाके दिखाएंगे।