फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi ›   Delhi NCR News ›   Kejriwal Arrest: AAP and other parties protest across the country on the arrest of Delhi CM

Kejriwal Arrest : दिल्ली के सीएम की गिरफ्तारी पर देशभर में आप और अन्य दलों का प्रदर्शन, पार्टी को यह चिंता

Sat, 23 Mar 2024 07:04 AM IST
अनुज कुमार अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली Published by: अनुज कुमार Updated Sat, 23 Mar 2024 07:04 AM IST
सार

तेलंगाना के हैदराबाद में आप कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए ने पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। आप कार्यकर्ताओं ने हाथों में मोदी हटाओ-भारत बचाओ लिखी तख्तियां ली हुई थीं। कार्यकर्ताओं ने ईडी और सीबीआई मुर्दाबाद के नारे भी लगाए।

विज्ञापन
Kejriwal Arrest: AAP and other parties protest across the country on the arrest of Delhi CM
सड़क पर बैठे आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

आबकारी नीति में अनियमितताओं से जुड़े धन शोधन मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी समेत देशभर में आम आदमी पार्टी (आप) और अन्य राजनीतिक दलों ने विरोध प्रदर्शन किया।

विज्ञापन


दिल्ली में आप नेताओं तथा कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन किया। आईटीओ पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने इस क्षेत्र में निषेधाज्ञा लागू होने का हवाला देते हुए प्रदर्शनकारियों को वहां से जाने के लिए कहा। बाद में पुलिस ने कैबिनेट मंत्री आतिशी और सौरभ भारद्वाज को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने भाजपा मुख्यालय और ईडी कार्यालय जाने वाले मार्गों को बंद कर दिया। इससे आईटीओ चौराहे, राजघाट तथा विकास मार्ग पर बड़े स्तर पर यातायात बाधित हुआ।
विज्ञापन


दिल्ली यातायात पुलिस ने सोशल मीडिया पर जारी परामर्श में कहा, दिल्ली के डीडीयू मार्ग पर राजनीतिक दल के विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर आईपी मार्ग, विकास मार्ग, मिंटो रोड और बहादुर शाह जफर मार्ग पर भारी यातायात रहेगा। डीडीयू मार्ग यातायात के लिए बंद रहेगा। कृपया इन मार्गों से निकलने से बचें और उसी के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाएं। पंडित दीन दयाल मार्ग (डीडीयू) पर ही भाजपा और आप के मुख्यालय स्थित हैं। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में भी विरोध मार्च निकाल रहे आप कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। आप नेता नवाब नासिर ने कहा कि केजरीवाल की गिरफ्तारी अलोकतांत्रिक है। एजेंसी
विज्ञापन
विज्ञापन


हरियाणा में पानी की बौछार, लाठीचार्ज
हरियाणा में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर पानी की बौछार की और लाठीचार्ज किया। प्रदर्शनकारी हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आवास का घेराव करने की कोशिश कर रहे थे। आप कार्यकर्ताओं ने कई शहरों में भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारे लगाए और कहा कि भगवा पार्टी केजरीवाल की बढ़ती लोकप्रियता के खिलाफ है।

हैदराबाद में कार्यकर्ता सड़कों पर
तेलंगाना के हैदराबाद में आप कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए ने पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। आप कार्यकर्ताओं ने हाथों में मोदी हटाओ-भारत बचाओ लिखी तख्तियां ली हुई थीं। कार्यकर्ताओं ने ईडी और सीबीआई मुर्दाबाद के नारे भी लगाए।

केरल में पीएम का पुतला जलाया
केरल में सतारूढ़ माकपा और विपक्षी दल कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। कन्नूर में माकपा ने विरोध मार्च निकाला और पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पुतला जलाया। तिरुवनंतपुरम के सांसद एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने कहा, मैं देश के लोगों से आग्रह करता हूं कि वे उन लोगों को सत्ता में वापस न आने दें जो लोकतांत्रिक व्यवस्था का अपमान करते हैं। 

कर्नाटक में काला दिवस मनाया
आप की कर्नाटक इकाई ने बंगलूरू में अध्यक्ष एच.एन. चंद्रशेखर के नेतृत्व में ‘फ्रीडम पार्क’ में ‘काला दिवस’ मनाया। चन्द्रशेखर ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने केजरीवाल को गिरफ्तार करवाया क्योंकि वह देश भर में उनकी बढ़ती लोकप्रियता को पचा नहीं पा रहे हैं।

कोलकाता में आप और भाजपा कार्यकर्ताओं में झड़प
कोलकाता में मुरलीधर सेन लेन स्थित प्रदेश भाजपा मुख्यालय के बाहर आप कार्यकर्ता केंद्र के खिलाफ नारे लगा रहे थे, तो पार्टी कार्यालय के अंदर मौजूद भाजपा कार्यकर्ता बाहर आ गए और जवाब में नारे लगाने लगे। तनाव इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं के बीच हाथापाई हो गई। पुलिस ने आप के 30 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया, हालांकि बाद में सभी को रिहा कर दिया गया

लुटियन की दिल्ली में भी रहा असर
लुटियन की दिल्ली में भी जाम का असर रहा। यातायात पुलिस ने एडवायजारी जारी कर बताया कि विशेष व्यवस्था के कारण, कृष्ण मेनन मार्ग, मोतीलाल नेहरू मार्ग, जनपथ, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम रोड पर यातायात प्रभावित रह सकता है। अगली सूचना तक यात्री इस रास्ते से बचें। दरअसल, ईडी का मुख्यालय डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम रोड पर स्थित है, जो लुटियंन की दिल्ली के केंद्र में है और इंडिया गेट से थोड़ी दूरी पर है। वहीं, मध्य दिल्ली इलाके के डीडीयू मार्ग पर आप मुख्यालय होने के साथ ही राउज एवेन्यू कोर्ट स्थित है। ऐसे में दिल्ली पुलिस ने मध्य दिल्ली में डीडीयू मार्ग पर यातायात बंद कर दिया था। साथ ही, आईटीओ मेट्रो स्टेशन भी सुबह आठ बजे से शाम छह बजे तक बंद किया गया था।

आईटीओ पर घंटों चला प्रदर्शन
आम आदमी पार्टी के विधायक, पार्षदों व नेताओं ने आईटीओ पर विरोध प्रदर्शन किया। सुबह करीब नौ बजे से समर्थक आईटीओ के पास जुटना शुरू हो गए थे। इस दौरान कुछ समर्थक छोटे रास्ते से पार्टी मुख्यालय तक पहुंच गए। सुबह 10 बजे तक सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ा दिया गया। साथ ही, पार्टी मुख्यालय पहुंचे समर्थकों को पुलिस बाहर ले गई। कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय जाने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन आईटीओ से भाजपा मुख्यालय तक छह लेयर सुरक्षा के कारण पार्टी समर्थक आईटीओ लाल बत्ती से आगे नहीं जा पाए। प्रदर्शन बढ़ता देख समर्थक आईटीओ पर ही बैठ गए और प्रदर्शन करने लगे। करीब 12 बजे तक आईटीओ पर विरोध प्रदर्शन चलता रहा। पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए मंत्री आतिशी, सौरभ भारद्वाज, विधायक महेंद्र गोयल, अखिलेश पति त्रिपाठी, कुलदीप, पूर्व विधायक सरिता सिंह सहित आप नेताओं को हिरासत में ले लिया। सभी को आईटीओ से द्वारका, नरेला सहित दिल्ली के दूरदराज क्षेत्र में छोड़ दिया गया। 

आप कार्यालय पर छाया सन्नाटा
सुबह करीब साढ़े नौ बजे पार्टी कार्यालय पहुंचे कार्यकर्ताओं को बाहर कर दिया गया। इसके बाद कार्यालय तक आने वाले हर छोटे रास्ते को बंद कर दिया गया। हालत यह हुई कि सुबह साढ़े 11 बजे तक पार्टी मुख्यालय पर पूरी तरह से सन्नाटा छा गया।  

सीएम की सुरक्षा पर आप ने जताई चिंता

सीएम अरविंद केजरीवाल की सुरक्षा को लेकर आप ने गंभीर चिंता जाहिर की है। दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी ने कहा है कि देश में पहली बार एक मौजूदा मुख्यमंत्री को गिरफ्तार किया गया है। मुख्यमंत्री के पास जेड प्लस सुरक्षा है। अब उनकी सुरक्षा के लिए कौन जिम्मेदार है। वो ईडी के ऑफिस में हैं। वहां कौन जा रहा, क्या लेकर जा रहा। इसके लिए कौन जिम्मेदार होगा। 

पार्टी मुख्यालय में प्रेसवार्ता कर आतिशी ने कहा, केंद्र सरकार ही मुख्यमंत्री के लिए जेड प्लस सुरक्षा की व्यवस्था करती है। ऐसे में केंद्र जबाव दे कि क्या ईडी की कस्टडी में अरविंद केजरीवाल को पर्याप्त सुरक्षा मिल रही है। ईडी का इस्तेमाल कर एक राष्ट्रीय दल के संयोजक को ऐसे केस में गिरफ्तार किया गया है, जिसमें दो साल की जांच के बाद भी एक रुपये की रिकवरी नहीं हुई है और न तो ईडी कोर्ट के सामने कोई भी सबूत दिखा पाई है।  

उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा को यह लगता है कि देश में कोई एक नेता है जो उन्हें चुनौती दे सकता है तो उस नेता का नाम अरविंद केजरीवाल है। इसलिए भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी हरसंभव कोशिश कर रहे है कि वो आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल को कुचल दें। ब्यूरो

मेयर-विधायकों ने सिविल लाइंस में निकाला पैदल मार्च
केजरीवाल के समर्थन में मेयर डॉ. शैली ओबरॉय, विधायकों, पार्षदों व कार्यकर्ताओं ने सिविल लाइंस इलाके में पैदल मार्च निकाला। सिविल लाइंस स्थित गोपाल राय के घर पर बैठक के बाद पैदल मार्च शुरू किया गया। इसके बाद सीएम आवास पहुंचने के बाद केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन भी किया गया। 

मेयर ने कहा कि विधायक सीएम के परिवार से मिलने आए तो पुलिस ने मिलने से रोक दिया। देश में लोकतंत्र पूरी तरह खत्म हो गया है, लेकिन दिल्ली की जनता केजरीवाल के साथ है। आने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा को सबक जरूर सिखाएगी। 


 

आप नेताओं के घर-कार्यालयों पर निगरानी

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी से आप नेताओं व कार्यकर्ताओं में गुस्सा है। इनपुट हैं कि आप नेता व कार्यकर्ता दिल्ली में गिरफ्तारी को लेकर बड़ा विरोध-प्रदर्शन व चक्काजाम कर सकते हैं। 

दिल्ली पुलिस आप के विरोध प्रदर्शन को रोकने के लिए खास रणनीति बना रही है। पुलिस विरोध- प्रदर्शन की सुगबुगाहट होने पर ही दबा देती है। दूसरी तरफ दिल्ली पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा ने अपने अधीनस्थ अधिकारियों को आदेश दिए हैं कि लुटियन की दिल्ली में किसी तरह का प्रदर्शन न हो पाए।  

दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आप के बड़े नेताओं की घरों व कार्यालयों पर सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। हर नेता के घर के बाहर तीन से चार पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। पुलिसकर्मी इन नेताओं की आवाजाही, कार्यक्रम व किसी से मिल रहे हैं इस पर नजर रख रहे हैं। इसके अलावा पुलिस स्थानीय मुखबिरों के जरिए भी आप नेताओं पर नजर रख रही है। -पुरुषोत्तम वर्मा

हथियार की तरह इस्तेमाल कर रहे केंद्रीय एजेंसियां : भगवंत मान

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शुक्रवार को सीएम आवास में केजरीवाल के परिवार से मुलाकात की। इस दौरान परिवार का हाल-चाल जाना। साथ ही, भरोसा दिलाया कि केजरीवाल के साथ हर कोई खड़ा है। वहीं, आवास के बाहर आकर उन्होंने भाजपा पर हमला बोला। 

प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का फैसला ईडी नहीं मान रही है। केंद्र सरकार एजेंसियों को टूल बनाकर हथियार की तरह इस्तेमाल कर रही है। कोई भी विपक्ष का नेता भाजपा के खिलाफ आवाज उठाता है, तो ईडी, सीबीआई व आयकर की टीम भेज दी जाती है। देश में अघोषित आपातकाल जैसे हालात हैं। मैं यह बात इस वजह से बोल रहा हूं, क्योंकि एक समय आडवाणी ने भी कहा था कि देश में अघोषित आपातकाल आ जाएगा।

जिस राज्य में केंद्र की सरकार नहीं है, वहां यह परेशान करने के लिए उपराज्यपाल को लगा देते हैं। ये चाहते हैं कि विपक्ष का कोई नेता चुनाव प्रचार न कर पाए। विपक्ष को खत्म करना चाहते हैं। आने वाले समय में चुनाव आयोग को पत्र लिखेंगे। हमारा गठबंधन मजबूत है। इसे लेकर हाईकमान के साथ बैठक करेंगे। गठबंधन की जो बैठक होगी, उसमें जाएंगे। आम आदमी पार्टी का हर कार्यकर्ता केजरीवाल के साथ चट्टान की तरह खड़ा है। अस्पताल बनाने वाले, जिन्होंने स्वास्थ्य क्रांति लाई, उस सत्येंद्र जैन को जेल में डाल दिया है। ऐसे ही स्कूल बनाने वाले मनीष सिसोदिया जेल में है। राज्यसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ बोलने वाले संजय सिंह अंदर है। अब केजरीवाल को ले गए हैं। 

सुबह रहा सन्नाटा, दिन में बढ़ी हलचल
केजरीवाल के घर के बाहर सुबह सन्नाटा छाया रहा, लेकिन दिन चढ़ते ही हलचल बढ़ गई। हालांकि, यहां बड़ी  संख्या में अर्धसैनिक बल के साथ पुलिस तैनात बल तैनात दिखा।  यहां से आने-जाने वाले वाहनों  और लोगों को पहचान पत्र देखकर ही अंदर जाने की अनुमति दी जा रही थी। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed