{"_id":"688032c2d06ec071d4014188","slug":"instructions-to-start-one-road-one-day-special-campaign-from-september-one-2025-07-23","type":"story","status":"publish","title_hn":"MCD Campaign: पहली सितंबर से एक सड़क-एक दिन अभियान शुरू करने के निर्देश, दिल्ली में समग्र कायाकल्प का लक्ष्य","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
MCD Campaign: पहली सितंबर से एक सड़क-एक दिन अभियान शुरू करने के निर्देश, दिल्ली में समग्र कायाकल्प का लक्ष्य
Wed, 23 Jul 2025 06:25 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Wed, 23 Jul 2025 06:25 AM IST
सार
इस संबंध में स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने मंगलवार को निर्देश देने के साथ-साथ अधिकारियों को जिम्मा सौंपा। इसका उद्देश्य हर जोन में प्रतिदिन एक प्रमुख सड़क का समग्र कायाकल्प करना है।
विज्ञापन
एमसीडी मुख्यालय
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
एमसीडी सड़कों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए एक सितंबर से एक सड़क-एक दिन विशेष अभियान शुरू करने जा रही है। इस संबंध में स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने मंगलवार को निर्देश देने के साथ-साथ अधिकारियों को जिम्मा सौंपा। इसका उद्देश्य हर जोन में प्रतिदिन एक प्रमुख सड़क का समग्र कायाकल्प करना है।
विज्ञापन
स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने अभियान शुरू करने के लिए आयुक्त, सभी अतिरिक्त आयुक्तों और क्षेत्रीय उपायुक्तों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि हर जोन में तत्काल एक नोडल अधिकारी की नियुक्ति की जाए, जो अभियान की दैनिक कार्ययोजना तैयार करे और उसके क्रियान्वयन की निगरानी करे।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि सड़कों का चयन प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और इसके लिए स्थानीय पार्षदों व विधायकों से भी सुझाव लिए जाएं। उन्होंने कहा कि इस योजना को सफल बनाने के लिए जोनल उपायुक्त हर सप्ताह अभियान की प्रगति रिपोर्ट आयुक्त को सौंपेंगे। अभियान के लिए विशेष बजट और जरूरी संसाधन मैकेनिकल स्वीपर्स, स्ट्रीट लाइटें, पेड़ों की छंटाई के उपकरण आदि की समुचित व्यवस्था की जाएगी।
विज्ञापन
उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन सड़कों की देखरेख पीडब्ल्यूडी या अन्य एजेंसियों के अधीन है, वहां एमसीडी सफाई से जुड़े अपने कार्य करेगा और शेष मुद्दों के लिए संबंधित एजेंसियों को औपचारिक रूप से अवगत कराएगा। प्रतिदिन चुनी गई सड़क पर सड़क मरम्मत, फुटपाथ सुधार, पेड़ों की छंटाई, अतिक्रमण हटाना, साइनेज और स्ट्रीट लाइट सुधार, मलबा और कूड़ा सफाई जैसे आठ कार्य अनिवार्य रूप से किए जाएंगे।
एमसीडी ने सिंघोला में गाद के पहाड़ को हटाया
एमसीडी ने सिंघोला-खामपुर गांव स्थित गाद के पहाड़ को पूरी तरह से साफ कर दिया है। यहां 7.2 एकड़ में फैले इस स्थल पर पूर्ववर्ती शाहदरा उत्तर और दक्षिण क्षेत्र की गाद डाली जाती थी। एमसीडी ने 7.59 लाख मीट्रिक टन गाद का बायो माइनिंग और बायो रेमेडिएशन तकनीक से मात्र छह माह में निस्तारण कर दिया। महापौर राजा इकबाल सिंह ने इसे एमसीडी की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा, भाजपा की सरकार दिल्ली को हरित और स्वच्छ शहर बनाने की दिशा में दृढ़ संकल्पित है।
उन्होंने कहा कूड़े व गाद के पहाड़ों को हटाकर राजधानी को साफ व सुंदर बना रहे हैं। सफाई के लिए निविदा नवंबर 2024 में दी गई थी और 30 मई तक निस्तारण कार्य पूरा कर लिया गया। अब इस स्थल पर एक जुलाई से आठ क्षेत्रों की नई गाद डालनी शुरू हो गई है, जिसे अब नियमित रूप से बायो माइनिंग के जरिए निस्तारित किया जाएगा।