Delhi: आत्महत्या के लिए उकसाया, हवलदार पत्नी पर केस दर्ज; पुलिसिया रौब दिखाने के अलावा पति से करती थी मारपीट
परेशान पति ने गंगा विहार स्थित घर में फंदा लगा लिया था। आरोप है कि पुलिसिया रौब दिखाने के अलावा तारा पति से मारपीट करती थी।
विस्तार
दिल्ली के गोकुलपुरी में श्रेय राठी (40) नामक युवक की मौत के पांच माह बाद उसकी हवलदार पत्नी तारा के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि पुलिसिया रौब दिखाने के अलावा तारा पति से मारपीट करती थी। उसके खिलाफ पहले भी दो बार गोकुलपुरी थाने में शिकायत दी गई थी।
परेशान होकर श्रेय राठी ने 16 सितंबर 2023 को गंगा विहार स्थित अपने घर में फंदा लगा लिया था। उसके पास से एक सुसाइड नोट मिला था, जिसमें उसने पत्नी पर तमाम आरोप लगाते हुए उसे मौत का जिम्मेदार बताया था। आत्महत्या के बाद अब पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज किया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी जांच कराने की बात कर रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, तारा दिल्ली पुलिस में हवलदार है। फिलहाल उसकी तैनाती पूर्वी जिले में है। श्रेय के परिवार ने तारा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने परिवार को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
श्रेय राठी परिवार के साथ गंगा विहार में रहते थे। परिवार में पिता ओमपाल सिंह, मां उर्मिला चौधरी व अन्य सदस्य हैं। ओमपाल दिल्ली पुलिस से एसआई के पद से सेवानिवृत्त हैं। श्रेय एमबीए करने के बाद निजी कंपनी में नौकरी कर रहे थे। पुलिस को दिए बयान में उर्मिला चौधरी ने बताया कि उन्होंने तीन दिसंबर 2012 को बेटे की शादी मथुरा के गांव नावली निवासी तारा से की थी।
शादी के बाद से ही तारा ने परिवार से अलग रहने के लिए श्रेय पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। विरोध करने पर वह खुद आत्महत्या करने और पूरे परिवार को फंसाने की धमकी देने लगी। पत्नी से परेशान होकर श्रेय ने 23 जुलाई 2013 को तारा की शिकायत गोकुलपुरी थाने में भी की, लेकिन इसके बाद भी श्रेय को परेशान करती रही।