कांग्रेस नेता कुलदीप बिश्नोई को झटका, गुरुग्राम में स्थित 150 करोड़ रुपये का बेनामी होटल जब्त
आयकर विभाग ने हरियाणा कांग्रेस के नेता कुलदीप बिश्नोई और उनके भाई के गुरुग्राम स्थित होटल को बेनामी संपत्ति के तहत जब्त कर लिया है। इस होटल की कीमत 150 करोड़ बताई जा रही है।
आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि विभाग की दिल्ली बेनामी निषेध इकाई ने होटल सम्पत्ति को जब्त करने के आदेश जारी किए थे। उन्होंने बताया कि बेनामी संपत्ति लेनदेन (निषेध) अधिनियम 1988 की धारा 24(3) के तहत आदेश जारी किए गए थे।
गौरतलब है कि जुलाई माह में आयकर विभाग द्वारा हरियाणा कांग्रेस के नेता कुलदीप बिश्नोई और उनके परिवार के खिलाफ छापेमारी के बाद 200 करोड़ रुपये से अधिक की गुप्त विदेशी संपत्ति का पता चला था। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) के सूत्रों ने यह जानकारी दी थी।
विभाग ने हरियाणा, दिल्ली और हिमाचल प्रदेश में बिश्नोई से जुड़े 13 परिसरों की 23 जुलाई को तलाशी ली थी। सीबीडीटी ने देर रात जारी एक बयान में कहा कि यह समूह उन लोगों द्वारा नियंत्रित है, जिनकी दशकों से पड़ोसी राज्य में महत्वपूर्ण राजनीतिक उपस्थिति रही है और दशकों से जिम्मेदार राजनीतिक पदों पर काबिज रहकर भारी मात्रा में धन अर्जित किया है।
78 घंटे चली थी छापेमारी
78 घंटे 10 मिनट की कार्रवाई के बाद आयकर विभाग की टीम छापेमार कार्रवाई पूरी कर शुक्रवार दोपहर 1:10 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुई। टीम भव्य बिश्नोई को भी साथ लेकर गई। टीम और पुलिस की 10 गाड़ियों का काफिला विधायक कुलदीप के आवास से निकला और बिना रुके सीधे रवाना हो गया।
टीम अपने साथ बैगों में भरकर कागजात ले गई है। हालांकि टीम के सदस्यों ने गाड़ियां कोठी के अंदर लगवाईं और काफी देर तक अपनी तैयारी करते रहे। पुलिस की गाड़ियां भी पायलट करने के लिए बाहर मुस्तैदी के साथ तैयार हो गईं।
जैसे ही टीम रवानगी के लिए पूरी तरह तैयार हुई, वैसे ही गेट खोला गया और एक के बाद एक गाड़ियां बाहर निकलीं और सीधे दिल्ली के लिए रवाना हो गईं। आगे पीछे पुलिस की गाड़ियां थीं। हालांकि भव्य बिश्नोई अपनी गाड़ी में बैठे थे, लेकिन उनके साथ टीम के सदस्य भी थे।