IIT Madras: कारगिल स्काॅलरशिप से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों का बीएस में पढ़ाई का सपना होगा पूरा
राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 की सिफारिशों के तहत आईआईटी मद्रास ने शैक्षणिक सत्र 2020-21 में ही ऑनलाइन डिग्री माध्यम से बीएस डेटा साइंस एंड एप्लीकेशन प्रोग्राम शुरू किया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आईआईटी मद्रास शैक्षणिक सत्र 2023-24 से दुनिया की पहली चार वर्षीय, ऑनलाइन डिग्री, बैचलर ऑफ साइंस डेटा साइंस एप्लीेकेशन प्रोग्राम में पढ़ाई के लिए स्कॉलरशिप देगा।
आईआईटी मद्रास ने शुक्रवार को आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों को बीएस डेटा साइंस एप्लीकेशन में पढ़ाई का मौका उपलब्ध करवाने के मकसद से कारगिल स्कॉलरशिप देने की घोषणा की है। यह स्कॉलरशिप देने के लिए आईआईटी मद्रास के सहयोग से अमेरिकी वैश्विक खाद्य और कृषि निगम कारगिल की ओर से दी जाएगी।
आईआईटी मद्रास के डीन (पूर्व छात्र और कॉर्पोरेट संबंध) प्रोफेसर महेश पंचग्नुला ने बताया कि इस कारगिल स्कॉलरशिप की सहायता से देश के दूरदराज, पिछड़े, ग्रामीण इलाकों के आर्थिक रूप से बेहद कमजोर वर्ग के छात्रों को आईआईटी मद्रास जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में पढ़ने का मौका मिलेगा।
इनमें से कई ऐसे परिवार से होंगे, जिनकी पहली पीढ़ी कॉलेज पढ़ने आएगी और कई दैनिक मजदूर व किसान परिवार से होंगे, जो अभी तक लोन या सरकारी छात्रवृति लेकर अपनी पढ़ाई कर रहे होंगे। यह स्कॉलरशिप ऐसे परिवारों के बच्चों का आईआईटी जैसे संस्थान में पढ़ने का सपना पूरा करने के साथ आर्थिक बोझ भी कम करेगी।
एनईपी के तहत कई बार प्रवेश व निकास का विकल्प
राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 की सिफारिशों के तहत आईआईटी मद्रास ने शैक्षणिक सत्र 2020-21 में ही ऑनलाइन डिग्री माध्यम से बीएस डेटा साइंस एंड एप्लीकेशन प्रोग्राम शुरू किया था। इसी के तहत बीएससी डेटा साइंस एंड एप्लीकेशन में कई बार प्रवेश और निकास (मल्टीप्ल एंट्री -एग्जिट) का विकल्प मिलता है।
छात्र अपनी सुविधा और पंसद के आधार पर डिग्री प्रोग्राम में दाखिला लेकर एक साल की पढ़ाई करके सर्टिफिकेट कोर्स, दो साल में डिप्लोमा और तीन साल की पढ़ाई करने पर डिग्री पा सकता है।
वहीं, कारगिल बिजनेस सर्विसेज के कंट्री हेड और कारगिल के टेक्नोलॉजी लीडर सुमित गुप्ता ने बताय कि निम्न आय वाले परिवारों के प्रतिभावान छात्रों के बेहतर भविष्य निर्माण में आर्थिक सहायता देने के मकसद से इस स्कॉलरशिप को देने के लिए सहयोग किया जाएगा। प्रोग्रामिंग और डेटा साइंस में स्नातक प्रोग्राम की पढ़ाई करने वाले छात्रों को यह स्कॉलरशिप मिलेगी।
12वीं पासआउट, किसी भी आयु वर्ग के लोग ले सकते हैं दाखिला
किसी भी स्ट्रीम से 12वीं पासआउट छात्र इस डिग्री प्रोग्राम में दाखिला ले सकते हैं। इसके अलावा इस ऑनलाइन डिग्री प्रोग्राम में दाखिले के लिए आयु सीमा की कोई बाध्यता नहीं है। आईआईटी मद्रास मई 2023 सत्र के लिए जल्द ही इस डिग्री प्रोग्राम में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन पत्र भरने के लिए विंडो ओपन करने वाला है। इसके अलावा 12वीं कक्षा में पढ़ाई कर रहे छात्र भी इस डिग्री प्रोग्राम में दाखिले के लिए आवेदन कर सकते हैं।