सुनंदा हत्या पर पहली बार बोले थरूर
सुनंदा पुष्कर मामले में दिल्ली पुलिस के खुलासे के बाद शुक्रवार को शशि थरूर अचानक मीडिया को संबोधित करने पहुंचे।
इस मौके पर उन्होंने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि सुनंदा की हत्या में मेरी भूमिका को लेकर पिछले कुछ दिनों से लगातार खबरें आ रही हैं। इस मसले पर पिछले एक साल से मैं चुप था क्योंकि यह केस पुलिस के पास था और इसकी जांच चल रही थी।
उन्होंने साफ कहा कि उन्हें सुनंदा की मौत के पीछे किसी की साजिश नहीं लगती हालांकि मैं और सुनंदा का परिवार चाहता है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच हो।
बता दें कि अभी हाल ही में दिल्ली पुलिस ने सुनंदा की मौत को हत्या मानते हुए अज्ञात के खिलाफ आईपीसी की धारा 302 के तहत हत्या का केस दर्ज किया है और इसके लिए एसआईटी का गठन भी किया है।
पब्लिक ड्रामा करना मेरा मकसद नहीं
ऐसे में सार्वजनिक तौर पर मेरा बयान देना उचित नहीं था। थरूर ने कहा कि मैं और सुनंदा का परिवार चाहता है कि इस मामले में जो भी सच है वह सबके सामने आए।
थरूर ने कहा कि ऐसे कई सवाल हैं जिनका जवाब मुझे भी नहीं मिला है। मैंने दिल्ली के पुलिस कमीश्नर को इस बारे में लिखा है और अपने सवालों के बारे में उन्हें अवगत कराया है।
थरूर ने कहा कि हम सभी चाहते हैं कि इस मामले की निष्पक्ष जांच हो और सच सामने आए। लेकिन जो भी जांच हो वह बिना किसी राजनीतिक दबावा और पूर्वधारणा से परे हट कर होनी चाहिए।
भावुक भी हुए शशि थरूर
हालांकि इस मौक पर थरूर थोड़े भावुक भी हुए और कहा कि मीडिया को भी इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि मैंन अपनी पत्नी को खोया है। इसलिए ऐसे किसी भी मामले पर संवेदना की अपेक्षा करता हूं।
उन्होंने साफ कहा कि मैं आपके सामने बस इतना ही कहना चाहता हूं। मीडिया के सामने आकर पब्लिक ड्रामा करना मेरा मकसद नहीं है और इसलिए मैं इस मुद्दे पर सार्वजनिक तौर पर सामने आने से बच रहा था।
हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि सुनंदा की मौत के रहस्य को सुलझाने के लिए उन्होंने तत्कालीन केंद्रीय मंत्री से भी गुहार लगाई थी।