Delhi: पत्नी की हत्या करके फरार पति का उत्तराखंड में कत्ल, उसकी मौत के तीन साल बाद मिली जानकारी
गुलाबी बाग थाना प्रभारी जगदीश कुमार के नेतृत्व में टीम पैरोल जंप कर फरार बदमाशों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को हत्या के आरोपी वीरेंद्र सिंह के बारे में जानकारी मिली।
विस्तार
गुलाबी बाग थाना इलाके में पत्नी की हत्या के मामले में फरार आरोपी की उत्तराखंड के धूमाकोट में हत्या कर दी गई है। इस बात का पता दिल्ली पुलिस को तब चला जब पुलिस 2020 में कोरोना महामारी के दौरान पैरोल पर निकले फरार आरोपी की तलाश कर रही थी। अदालत से उसे आठ सप्ताह की पैरोल मिली थी। वह पत्नी की हत्या के मामले में जेल में बंद था।
गुलाबी बाग थाना प्रभारी जगदीश कुमार के नेतृत्व में टीम पैरोल जंप कर फरार बदमाशों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को हत्या के आरोपी वीरेंद्र सिंह के बारे में जानकारी मिली। पुलिस ने मंडोली जेल से आरोपी के बारे में सुराग जुटाए। पुलिस को वहां से आरोपी की बेटी का नंबर मिला। जिसके जरिए पुलिस सुल्तानपुरी में रहने वाली बेटी के पास पहुंची।
बेटी ने बताया कि उसके पिता वीरेंद्र सिंह की 2021 को उत्तराखंड के धूमाकोट के इलाके में हत्या कर दी गई थी। पुलिस टीम उत्तराखंड के धूमाकोट पहुंची। जहां पता चला कि आरोपी की हत्या 2021 में कर दी गई है। वहां के थाने में हत्या का मामला दर्ज है। थाना धूमाकोट से आरोपी की मौत की पुष्टि हुई।