हैवानियत की हद पार: पत्नी के शरीर को रॉड से दागा, इतने पर भी न भरा मन तो किया एक और जुल्म; वजह कर देगी हैरान
पुलिस के मुताबिक न्यू संजय अमर कॉलोनी की रहने वाली गुनगुन की इसी साल 14 फरवरी को शराफत नामका युवक से शादी हुई थी। शराफत छोटा-मोटा काम करता है। शादी के बाद शराफत पत्नी को लेकर बिहारी कॉलोनी में किराए के कमरे में आ गया। आरोप है कि दहेज न मिलने पर आरोपी पत्नी के साथ मारपीट करता था।
विस्तार
दिल्ली के शाहदरा जिला के फर्श बाजार इलाके में महज 22 साल की नवविवाहिता के साथ हैवानियत का मामला सामने आया है। दहेज की मांग पूरी न होने पर आरोपी पति अपनी पत्नी को पानी गर्म करने की रॉड से उसके शरीर पर दाग रहा था। आरोपी ने उसके हाथ-टांगों के अलावा शरीर के दूसरे हिस्सों को भी दागा हुआ है।
तीन तलाक देकर हुए फरार
पीड़िता ने विरोध जताकर इसकी सूचना पुलिस को देने की धमकी दी तो आरोपी महिला को तीन तलाक देकर फरार हो गया। बाद में पीड़िता अपने मायके पहुंची। उसके परिजन मंगलवार को गुनगुन (22) को लेकर फर्श बाजार थाने पहुंचे। पीड़िता की हालत देखकर फौरन उसका इलाज करवाया गया।
दो टीम कर रही तलाश
बाद में पुलिस ने पीड़िता का बयान लेकर हैवानियत के अलावा तीन तलाक समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस आरोपी पति शराफत की तलाश कर रही है। दो टीमें उसकी तलाश में जुटी हुई है। पुलिस पीड़िता के पड़ोसियों के बयान भी ले रही है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की बात कर रही है।
14 फरवरी को हुई थी शादी
पुलिस के मुताबिक न्यू संजय अमर कॉलोनी की रहने वाली गुनगुन की इसी साल 14 फरवरी को शराफत नामका युवक से शादी हुई थी। शराफत छोटा-मोटा काम करता है। शादी के बाद शराफत पत्नी को लेकर बिहारी कॉलोनी में किराए के कमरे में आ गया। आरोप है कि दहेज न मिलने पर आरोपी पत्नी के साथ मारपीट करता था।
माफी मांग फिर साथ रहने लगे थे दोनों
परिजनों ने आरोपी की पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने उसे गिरफ्तार भी कर लिया। बाद में वह जमानत पर बाहर आ गया। उसने लड़की और परिजनों से माफी मांग ली। बाद में दोनों दोबारा साथ रहने लगे। आरोप है कि शराफत ने गुनगुन को गर्म पानी की रॉड से दागना शुरू कर दिया। पीड़िता ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी।
18 अप्रैल को तलाक देकर भागा
हैवानियत बढ़ने लगी तो पीड़िता ने अपने परिवार को सारी बात बताई। इसके बाद दोबारा पुलिस से शिकायत करने की बात की गई तो आरोपी 18 अप्रैल को गुनगुन को तीन तलाक देकर फरार हो गया। पीड़िता अपने घर पहुंची। मंगलवार को परिजन थाने पहुंचे और पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।