फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi ›   Delhi NCR News ›   Heavy rains expected in eastern and adjoining central India for the next two days

Weather: बारिश, बाढ़ और भूस्खलन... झमाझम बारिश से आफत में आई जान, अभी राहत नहीं; जानें आगे कैसा रहेगा मौसम

Thu, 17 Jul 2025 03:57 AM IST
विजय पुंडीर न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली/शिमला/जम्मू
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली/शिमला/जम्मू Published by: विजय पुंडीर Updated Thu, 17 Jul 2025 03:57 AM IST
सार

उत्तर-पश्चिम भारत, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और झारखंड में दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हैं और निम्न दबाव के क्षेत्र भी बने हैं। मौसम संबंधी इन प्रणालियों के प्रभाव से देशभर में बारिश हो रही है जिसके अगले कुछ दिनों तक जारी रहने की संभावना है।

विज्ञापन
Heavy rains expected in eastern and adjoining central India for the next two days
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : Freepik

विस्तार

दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरे देश में सक्रिय है और इसके प्रभाव से झमाझम बारिश हो रही है। बुधवार को भी उत्तराखंड समेत पश्चिमी हिमालयी राज्यों से लेकर अरुणाचल प्रदेश, गुजरात से लेकर ओडिशा और कश्मीर से केरल तक अलग-अलग स्थानों पर मूसलाधार वर्षा हुई। राष्ट्रीय राजधानी में भी बौछारें पड़ी और खराब मौसम के कारण इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से पांच उड़ानों को जयपुर और अमृतसर डायवर्ट करना पड़ा। मौसम विभाग ने पूर्वी और उससे सटे मध्य भारत में अगले दो दिन और दक्षिण भारत में 6-7 दिन भारी बारिश की संभावना जताई है।

विज्ञापन

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और झारखंड में दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हैं और निम्न दबाव के क्षेत्र भी बने हैं। मौसम संबंधी इन प्रणालियों के प्रभाव से देशभर में बारिश हो रही है जिसके अगले कुछ दिनों तक जारी रहने की संभावना है। बुधवार को उत्तराखंड, कोंकण और मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्र में कई स्थानों पर अत्यधिक वर्षा है जिसकी मात्रा 21 सेंटीमीटर तक मापी गई। झारखंड, बिहार, छत्तीसगढ़, मेघालय में 7-20 सेमी, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, ओडिशा, पूर्वी मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, केरल, कर्नाटक और तटीय आंध्र प्रदेश में भी अलग-अलग स्थानों पर 7-11 सेमी वर्षा दर्ज की गई।

विज्ञापन
विज्ञापन

जम्मू-कश्मीर में भी कई मार्ग बंद
जम्मूू-कश्मीर में कई हिस्सों में तेज बारिश हुई। राजोरी में पस्सियां गिरने से कई मार्ग बंद हो गए। रास्तों को बहाल करने के लिए प्रशासनिक अमला जुटा हुआ है। श्रीनगर समेत कश्मीर में अन्य कई जिलों का दिन-रात का पारा लगभग बराबर हो गया है। जम्मू में भी बारिश से गर्मी से राहत मिली है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार 23 जुलाई तक कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। इससे बाढ़, भूस्खलन और पहाड़ों से पत्थर गिरने का खतरा रहेगा। धुंध के कारण कटड़ा-सांझीछत चॉपर सेवा दिनभर बाधित रही। हालांकि, मूसलाधार बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कमी नहीं आई और पैदल मार्ग से बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्री माता वैष्णो देवी के दरबार में पहुंचे।

विज्ञापन

दिल्ली : दोपहर बाद बारिश
दिल्ली-एनसीआर के कई क्षेत्रों में दोपहर बाद बारिश हुई। इससे दिल्ली में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई और यह 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री रहा। खराब मौसम का असर विमान सेवाओं पर पड़ा। पांच उड़ानें दिल्ली हवाईअड्डे पर नहीं उतर सकीं। इनमें से चार को जयपुर और एक को अमृतसर भेजना पड़ा। जयपुर भेजी गई उड़ानों एअर इंडिया और इंडिगो की दो-दो उड़ानें थीं, जबकि अमृतसर भेजी गई उड़ान एअर इंडिया की थी।

असम : भूस्खलन से दो की मौत
असम के दीमा हसाओ जिले में एक राजमार्ग निर्माण स्थल पर भूस्खलन में दो लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। मलबे में 10 लोगों के दबे होने की आशंका है जिन्हें निकालने के लिए बचाव अभियान चल रहा है। एक अधिकारी ने बताया कि मंगलवार रात से हो रही भारी बारिश के कारण माहुर पुलिस थाना क्षेत्र के हंगरम गांव में पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा निर्माण स्थल पर गिर गया। एक महिला समेत पांच घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हिमाचल के सांगला के गंगारंग नाले में बाढ़
हिमाचल प्रदेश में पिछले कई दिनों से हो रही बारिश के कारण किन्नौर जिले की सांगला वैली के गंगारंग नाले में सुबह चार बजे अचानक बाढ़ आने से मलबा बगीचों में घुस गया। जलापूर्ति लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई हैं और एक सिंचाई कूहल को भी नुकसान पहुंचा। बृहस्पतिवार को प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।

बारिश, बाढ़ व भूस्खलन से राज्य में अभी भी 257 सड़कें बंद हैं और 151 बिजली ट्रांसफार्मर और 171 पेयजल योजनाएं भी ठप पड़ी हैं। सिरमौर जिले के शिलाई में भारी भूस्खलन के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 707 (हटकोटी से पनौता) पर यातायात ठप हो गया है। दोनों तरफ वाहनों की लाइन लग गई है, जिला प्रशासन की तरफ से मलबा हटाने के साथ ही रास्ते में फंसे लोगों को राहत पहुंचाने का काम किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें: Amarnath Yatra 2025: बारिश और भूस्खलन, खराब मौसम के कारण आज जम्मू और बालटाल से अमरनाथ यात्रा स्थगित


 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed