फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi ›   Delhi NCR News ›   Hanuman Jayanti: Processions Taken Out Amidst Tension in Uttam Nagar, Jahangirpuri, and Tughlakabad

Hanuman Jayanti: उत्तम नगर, जहांगीरपुरी और तुगलकाबाद में तनाव के बीच निकाली गई शोभायात्रा; पुलिस ने संभाला

Fri, 03 Apr 2026 02:50 AM IST
दुष्यंत शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: दुष्यंत शर्मा Updated Fri, 03 Apr 2026 02:50 AM IST
सार

हिंदू संगठनों की इन यात्राओं को लेकर दिल्ली पुलिस अलर्ट रही।

विज्ञापन
Hanuman Jayanti: Processions Taken Out Amidst Tension in Uttam Nagar, Jahangirpuri, and Tughlakabad
करोल बाग में श्री हनुमान जन्मोत्सव में शामिल सीएम रेखा गुप्ता। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

हनुमान जन्मोत्सव पर बृहस्पतिवार को उत्तम नगर, जहांगीरपुरी और तुगलकाबाद में तनाव के बीच शोभायात्राएं निकाली गईं। हिंदू संगठनों की इन यात्राओं को लेकर दिल्ली पुलिस अलर्ट रही। इन जगहों पर कई बार हल्के तनाव के हालात पैदा हो गए थे, मगर अलर्ट पुलिस ने समय रहते हुए  स्थिति को संभाल लिया था। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया है। 

विज्ञापन


दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इन इलाकों में बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए थे। सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन के जरिये शरारती तत्वों पर नजर रखी गई। हनुमान जयंती पर दो अलग-अलग इलाकों तुगलकाबाद और जहांगीरपुरी से हल्के तनाव की खबर सामने आई है। हालांकि दोनों ही जगहों पर पुलिस की सक्रियता के चलते स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। 
विज्ञापन


दरअसल, तुगलकाबाद इलाके में धार्मिक स्थल के पास से गुजर रही शोभा यात्रा के दौरान कुछ शरारती तत्व परिसर की छत पर नाचने लगे, जिससे हालात तनावपूर्ण पैदा हो गए। हालांकि सूचना पर पहुंची पुलिस ने हालात को संभाला और मौके पर तैनाती बढ़ा दी है और स्थिति पूरी तरह सामान्य बताई जा रही है। 
विज्ञापन
विज्ञापन


जहांगीरपुरी के डबल ई ब्लॉक में कुछ लोग बिना अनुमति शोभा यात्रा निकालने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस के समझाने पर भी जब लोग नहीं माने तो कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया।  दिल्ली के उत्तम नगर में हनुमान जयंती के अवसर पर बृहस्पतिवार को शोभा यात्रा निकाली गई। पंचमुखी हनुमान भगवान की प्रतिमा के चरणों में दिवंगत तरुण की फोटो रखी हुई थी। 

कई लोगों ने पुलिस और आयोजकों की तारीफ की कि उन्होंने सुनिश्चित किया कि समारोह में किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। अधिकारियों ने बताया कि सांप्रदायिक सौहार्द सुनिश्चित करने के लिए जहांगीरपुरी में अमन समिति की बैठक भी की गई क्योंकि 2022 में इलाके में हनुमान जन्मोत्सव की शोभायात्रा के दौरान हुई हिंसा में पथराव और आगजनी की घटनाओं में पुलिसकर्मियों समेत कई लोग घायल हो गए थे। 

संकट मोचन धाम पहुंचीं सीएम, विधिवत पूजा की
हनुमान जन्मोत्सव के मौके पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंदिर में पूजा कर राजधानी की सुख-शांति और तरक्की के लिए प्रार्थना की। सीएम ने करोल बाग स्थित 108 फुट श्री संकट मोचन धाम में पूजा-अर्चना की। 
इस दौरान उन्होंने विधिवत पूजा की और श्रद्धा के साथ हनुमान चालीसा का पाठ कर आशीर्वाद लिया। मंदिर में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं के साथ मिलकर भगवान हनुमान का स्मरण किया और दिल्ली व देश की उन्नति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि हनुमान जी का जीवन सेवा, समर्पण, साहस और निष्ठा की मिसाल है, जिससे हर व्यक्ति को प्रेरणा लेनी चाहिए।

सौरभ भारद्वाज ने निकाली शोभायात्रा
आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने पिछले साल की तरह इस बार भी हनुमान जन्मोत्सव पर बृहस्पतिवार को चिराग दिल्ली में शोभायात्रा का आयोजन किया। शोभायात्रा चिराग दिल्ली स्थित प्राचीन शिव मंदिर से शुरू हुई और पूरे इलाके का चक्कर लगाकर वापस वही खत्म हुई। शोभायात्रा में बड़ी तादात में हनुमान भक्त शामिल हुए और प्रसाद ग्रहण कर महाबलि हनुमान का आशीर्वाद प्राप्त किया। सौरभ भारद्वाज ने बताया कि उन्होंने बजरंग बली से विश्व में चल रहे लड़ाई-झगड़े को खत्म कर शांति व विकास की राह पर चलने, दिल्ली, देश और पूरे विश्व पर अपना आशीर्वाद बनाए रखने की प्रार्थना की।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने भी की पूजा
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने राजधानी के विभिन्न प्राचीन मंदिरों में पूजा-अर्चना की। सचदेवा चांदनी चौक स्थित पत्थर वाला हनुमान मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने दिल्ली और देशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने खाड़ी क्षेत्र में चल रहे युद्ध के जल्द समाप्त होने की भी प्रार्थना की, ताकि महंगाई का असर आम लोगों पर न पड़े। सचदेवा ने कनॉट प्लेस स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में भी दर्शन किए। इसके अलावा उन्होंने मयूर विहार फेज-3, गीता कॉलोनी और कृष्णा नगर स्थित सिद्ध हनुमान मंदिरों में आयोजित कार्यक्रमों में भी भाग लिया। इस अवसर पर उनके साथ विधायक एवं यमुनापार विकास बोर्ड के अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली और पार्षद सुमन कुमार गुप्ता भी मौजूद थे।

मुस्लिम समुदाय के लोगों ने पुष्प वर्षा कर यात्रियों का किया स्वागत
हनुमान जयंती पर बृहस्पतिवार दोपहर जहांगीरपुरी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शोभा यात्रा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। यात्रा के दौरान पूरे क्षेत्र में जय श्री राम और बजरंगबली के जयकारे गूंजते रहे। पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे, जिससे यात्रा मार्ग पर कानून व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रही। इस दौरान मुस्लिम समुदाय के लोगों ने आपसी सौहार्द और भाईचारे की मिसाल कायम करते हुए श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा की। हालांकि डबल ई ब्लॉक में कुछ लोग एकत्र हुए थे, जिन्हें पुलिस ने वहां से हटा दिया। जिला के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त सिकंदर सिंह ने बताया कि यात्रा शांतिपूर्ण संपन्न हुई। किसी भी तरह की तनावपूर्ण स्थिति नहीं थी।

माहौल खराब करने वालों पर नकेल कसने की थी पूरी तैयारी
पुलिस अधिकारी ने बताया कि किसी भी तरह की अप्रिय घटना या माहौल खराब करने की कोशिशों को रोकने के लिए इलाके में पुलिस और अर्धसैनिक बल की 10 कंपनियां तैनात की गई थी। शोभायात्रा से पहले जिला के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त सिकंदर सिंह ने लोगों में सुरक्षा की भावना को बढ़ाने के लिए खुद ही बुलेट पर सवार होकर फ्लैग मार्च निकाला। 

अलग-अलग चौकियों की स्थापना की
स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने बताया कि भारी फोर्स तैनात करने के साथ मार्ग पर बार-बार चेकिंग की गई। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त निहारिका भट्ट ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने पूरे मार्ग पर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुख्ता प्रबंध किए हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था के तहत सीआरपीएफ के जवानों को भी तैनात किया गया है। साथ ही, भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए अलग-अलग चौकियों की स्थापना की गई। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी तरह की अफवाह या वायरल हो रहे गलत कंटेंट पर विश्वास न करें। 

हम वीर बजरंगी के अनुयायी हैं
उत्तम नगर में शोभा यात्रा के दौरान विश्व हिंदू परिषद (इंद्रप्रस्थ प्रांत) के प्रांत मंत्री सुरेन्द्र कुमार गुप्ता ने कहा कि यह पर्व केवल भक्ति का ही नहीं, बल्कि विजय और आत्मगौरव का प्रतीक भी है। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में पूरी दुनिया में रविवार वाले और शुक्रवार वालों के बीच झगड़ा चल रहा है, लेकिन हम मंगलवार वाले हैं, वीर बजरंगी के अनुयायी हैं।

एलपीजी किल्लत के बीच उत्साह के साथ हुआ भंडारे का आयोजन
एलपीजी संकट के बीच हनुमान जन्मोत्सव पर भंडारे के लिए जब गैस एजेंसियों ने आयोजकों को एलपीजी सिलिंडर देने से मना कर दिया, तो श्रद्धालुओं ने घर से सिलिंडर दिए। कई जगह सिलिंडर की कमी के बीच श्रद्धालुओं को फल और मिठाई बांटी गई। 

लक्ष्मी नगर स्थित शिव मंदिर के पास भंडारे का आयोजन करने वाले राजकुमार ने बताया कि रिश्तेदारों ने अपने घर का सिलिंडर दिया, जिससे बहुत ही अच्छे से भंडारा हुआ। रघुवर पुरा मार्केट स्थित रोटी बैंक हमारा परिवार एनजीओ के संस्थापक पवन जिंदल ने बताया कि सिलिंडर न मिलने पर फल और मिठाई वितरित किए। निर्माण विहार मेट्रो स्टेशन स्थित राधु प्लेस के पास वेस्ट गुरु अंगद नगर आरडब्ल्यूए की ओर से भंडारे का आयोजन किया गया। पदाधिकारियों ने बताया कि जब सिलिंडर नहीं मिला, तो आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों ने घरेलू सिलिंडर का उपयोग कर भक्तों में भंडारे और प्रसाद का वितरण किया।


सदर बाजार बारी मार्केट ट्रेड्स एसोसिएशन के अध्यक्ष परमजीत सिंह पम्मा ने कुतुब रोड स्थित क्षेत्र में भंडारे का आयोजन किया। यहां फेडरेशन ऑफ सदर बाजार ट्रेड्स एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश यादव, महासचिव राजेंद्र शर्मा, व्यापारी नेता अमित पाहवा, बारी मार्केट के वरिष्ठ उपाध्यक्ष वरिंदर आर्य, कुलदीप सिंह, उपाध्यक्ष राजेश कुमार, सचिव शेखर कटारिया सहित अन्य व्यापारी उपस्थित रहे। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed