बहन के नाम से बनाई थी प्रोफाइल: दिव्यांग ने लड़की बनकर पड़ोसन से की बात, राज खुलने पर डराया फिर किया दुष्कर्म
आरोपी पैर से दिव्यांग है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। वहीं, युवक के परिजनों ने पुलिस को कुछ वीडियो उपलब्ध करवाए हैं, जिनमें युवती अपनी मर्जी से युवक के साथ हंसती हुई दिख रही है।
विस्तार
दिल्ली के सीमापुरी में 20 साल की एक युवती ने पड़ोस में रहने वाली लड़की के दिव्यांग भाई पर डरा-धमकाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। युवती का आरोप है कि युवक ने पहले एप पर लड़की बनकर उससे बात की राज खुलने पर धमकी देकर होटल बुलाकर दुष्कर्म किया। पुलिस ने युवती की शिकायत पर दुष्कर्म का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। केस दर्ज होने के बाद आरोपी मौके से भाग गया है। वहीं, आरोपी युवक के परिवार ने युवती पर ही लड़के को फंसाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि लड़की ही खुद से लड़के से जानबुझ के बात करती थी।
पुलिस के मुताबिक पीड़िता अपने परिवार के साथ सीमापुरी इलाके में रहती है। कुछ माह पूर्व उसके पास स्नेपचैट एप पर एक लड़की के नाम से फ्रेंडशिप आई थी। चूंकि लड़की उसके घर के सामने ही रहती थी तो उसने उससे दोस्ती कर ली। दोनों चैट करने लगे। इस बीच युवती को पता चला कि बहन के फोन से उसका भाई चैट करता है। युवती ने उससे चैट करना बंद कर दिया।
इस बात पर आरोपी आग बबूला हो गया। उसने युवती के पिता व भाई को जान से मारने की धमकी दी और युवती को मिलने के बहाने बुला लिया। मना करने पर वह रास्ता रोकने लगा। आरोप है कि आरोपी कई बार पीड़ित को अलग-अलग होटल में ले गया और वहां वारदात को अंजाम दिया।
आखिरी बार 26 मार्च को आरोपी ने पीड़िता का रास्ता रोका और किसी अन्य से शादी करने पर तेजाब डालने की धमकी दी। परेशान होकर पीड़िता ने चार अप्रैल को मामले की सूचना पुलिस को दी। छानबीन के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आरोपी पैर से दिव्यांग है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। वहीं, युवक के परिजनों ने पुलिस को कुछ वीडियो उपलब्ध करवाए हैं, जिनमें युवती अपनी मर्जी से युवक के साथ हंसती हुई दिख रही है। परिवार का आरोप है कि जानबूझकर युवक को फंसाया गया है।