DJ पर खून खराबा: आसिफ की शादी में बरसे आफत के पत्थर, न्योता न देने पर हुआ बवाल; एक दर्जन से अधिक मेहमान भर्ती
झगडे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पंहुची और दोनों पक्षों को समझा कर झगड़ा शांत कराया। किसी भी पक्ष की ओर से शिकायत नहीं मिली है।
विस्तार
बच्चों के बीच डीजे बजाने को लेकर हुई मामूली कहासुनी सोमवार सुबह बड़े विवाद में बदल गई। रात में तो दोनों पक्षों के बीच सुलह करा दी गई थी, लेकिन सुबह फिर से तनाव भड़क उठा। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर पथराव शुरू हो गया।
इस दौरान दोनों ओर से एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों को पुन्हाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से कुछ की गंभीर हालत को देखते हुए नल्हड़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलते ही पुन्हाना सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह हालात काबू में किए। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर झगड़ा शांत कराया। हालांकि देर शाम तक किसी भी पक्ष ने पुलिस को शिकायत नहीं दी थी।
जानकारी के मुताबिक दल्लाबास गांव निवासी आसिफ पुत्र मुबीन की सोमवार को शादी थी। रविवार रात को शादी के कार्यक्रम में नाच गाने का कार्यक्रम था। इसी दौरान डीजे बजाने को लेकर मुबीन व निज्जर के बच्चों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते बड़े-बुजुर्गों तक पहुंच गई। स्थानीय लोगों ने रात में ही मामला निपटा दिया था। मगर सुबह होते ही एक बार फिर से माहौल गर्मा गया और दोनों पक्ष लाठी-डंडे और पत्थरों के साथ भिड़ गए।
पथराव की शुरुआत होते ही शादी का माहौल तनाव में बदल गया। बरात की तैयारी में जुटे लोग अफरा तफरी में इधर उधर भागने लगे। ग्रामीणों के मुताबिक पथराव के दौरान दोनों पक्ष की ओर से निज्जर, वासिद, फजरुदीन, महमूद, आजम, कासिम, साकिब, रत्ती आकिल सहित अन्य कई लोग घायल हुए जिनके सिर और हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं। दोनों पक्ष आपस में रिश्तेदार है।
झगडे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पंहुची और दोनों पक्षों को समझा कर झगड़ा शांत कराया। किसी भी पक्ष की ओर से शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने के बाद ही कानूनी कार्यवाही की जाएगी। -राजेश कुमार, सिटी थाना प्रभारी पुन्हाना।