{"_id":"664269559adf43f92b0fe134","slug":"sana-shaikh-in-12th-and-vihaan-khurana-in-10th-are-district-toppers-gurgaon-news-c-24-1-noi1094-30853-2024-05-14","type":"story","status":"publish","title_hn":"Gurugram News: 12वीं में सना शेख और 10वीं में विहान खुराना जिला टॉपर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Gurugram News: 12वीं में सना शेख और 10वीं में विहान खुराना जिला टॉपर
विज्ञापन
विज्ञापन
सना शेख ने 99.4 और विहान खुराना ने हासिल किए 99.8 फीसदी अंक
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने सोमवार को 10वीं व 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम जारी कर दिया। सीबीएसई ने पहले कक्षा-12 का परीक्षा परिणाम जारी किया। इसके कुछ ही देर बाद 10वीं कक्षा का परिणाम भी जारी कर दिया गया। सीबीएसई ने बीते वर्ष की तरह ही अबकी बार भी मेरिट सूची जारी नहीं की।
गुरुग्राम के परिणाम में 12वीं कक्षा में छात्राओं ने बाजी मारी, तो 10वीं कक्षा में छात्र आगे रहे। दसवीं और बारहवीं कक्षा के जिला टॉपर डीपीएस सेक्टर-45 के विद्यार्थी रहे। 12वीं कक्षा में ह्यूमैनिटीज संकाय में डीपीएस सेक्टर-45 की छात्रा सना शेख ने 99.4 फीसदी अंक प्राप्त करके गुरुग्राम में टॉप किया है। जबकि दसवीं कक्षा में डीपीएस सेक्टर-45 के छात्र विहान खुराना ने 99.8 फीसदी अंक लेकर गुरुग्राम में टॉप किया है। इस बार 12वीं कक्षा में गुरुग्राम का परिणाम 92.07 फीसदी रहा। जोकि बीते वर्ष से 0.4 फीसदी ज्यादा है। दसवीं कक्षा के परिणाम में बीते साल के मुकाबले इस बार काफी सुधार हुआ है। बीते साल दसवीं कक्षा का जिले में परीक्षा परिणाम जहां 86.9 प्रतिशत रहा था, वही इस बार यह बढ़कर 92.49 फीसदी पहुंच गया। यानी बीते साल के मुकाबले दसवीं कक्षा के परिणाम में 6.4 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।
विज्ञापन
12वीं कक्षा के परिणाम में यह रहे टॉपर
12वीं कक्षा के ह्यूमैनिटीज संकाय में डीपीएस सेक्टर-45 की छात्रा सना शेख ने 99.4 फीसदी अंक प्राप्त करके गुरुग्राम में टॉप किया है। इसके अलावा कॉमर्स संकाय में डीपीएस सेक्टर-45 की अमिशी शर्मा और विज्ञान संकाय में यक्षित ने 99 फीसदी अंक प्राप्त किए हैं। गुरुग्राम के 16199 विद्यार्थियों ने 12वीं कक्षा की परीक्षा दी थी। इसमें 14915 विद्यार्थी पास हुए। इस बार 12वीं कक्षा में गुरुग्राम का परिणाम 92.07 फीसदी रहा। जोकि बीते वर्ष से 0.4 फीसदी ज्यादा है।
विज्ञापन
बिना ट्यूशन हासिल की सफलता
छात्रा सना शेख ने 12वीं कक्षा के ह्यूमैनिटीज संकाय में 99.4 फीसदी लेकर गुरुग्राम जिले में टॉप किया है। सना अब साइकोलॉजी में कॅरिअर बनाने की तैयारी में जुटी हुई हैं। इसके लिए विदेश में जाकर पढ़ाई करेंगी। वह मेंटल डिस आर्डर पर रिसर्च करना चाहती हैं। साइकोलॉजी के माध्यम से वह लोगों से जुड़कर उनकी समस्याओं को जानना चाहती है। सना शेख ने बताया कि बिना ट्यूशन के ही उन्होंने अपनी पढ़ाई करके यह सफलता हासिल की है। इसके लिए उन्होंने सभी विषयों के लिए पर्याप्त समय निकालकर पढ़ाई की थी। वॉलंटियर के तौर पर उन्होंने अलग-अलग संस्थाओं के साथ मिलकर गरीब बच्चों की शिक्षा व मदद के लिए कार्य किए हैं। उन्होंने बताया कि उनके पिता एजाज शेख व माता तुलिका गांगुली दोनों ही इंश्योरेंस प्रोफेशनल हैं। सना शेख को कविता लिखने का भी शौक है और स्कूली पढ़ाई के दौरान ही उनकी दो कविताएं प्रिंट हो चुकी हैं।
आगे की पढ़ाई पर फोकस : अमिशी शर्मा
डीपीएस सेक्टर-45 की छात्रा अमिशी शर्मा ने काॅमर्स संकाय में 98.6 फीसदी अंक प्राप्त किए हैं। अब वे अर्थशास्त्र व अकाउंटेंसी में स्नातक की पढ़ाई करेंगी। इसके बाद एमबीए करेंगी। अमिशी शर्मा ने बिजनेस स्टडीज में 100, अर्थशास्त्र में 99, गणित में 98, अंग्रेजी में 98 व अकाउंटेंसी में 98 अंक प्राप्त किए हैं। उन्होंने स्कूल के साथ ही घर पर भी पढ़ाई करने की ध्यान दिया। शिक्षकों द्वारा कराई गई पढ़ाई को उन्होंने घर पर भी अच्छे ढंग से पढ़ा। अमिशी शर्मा ने बताया कि उनके पिता रंजन शर्मा प्राइवेट कंपनी में कामर्शियल हैड हैं और माता अनिला गृहिणी है।
यक्षित ने साइंस संकाय में प्राप्त किए 98.2 फीसदी अंक
अजंता पब्लिक स्कूल के छात्र यक्षित ने 12वीं कक्षा की विज्ञान संकाय में 98.2 फीसदी अंक हासिल किए हैं। पीसीएम ग्रुप के तहत पढ़ाई करते हुए यक्षित ने अंग्रेजी में 97, केमिस्ट्री में 100, गणित में 99, आईपी में 98 व फिजिक्स में 97 अंक प्राप्त किए हैं। यक्षित बीटेक की पढ़ाई करेंगे। वे जेईई एडवांस के परिणाम का इंतजार कर रहे हैं। जेईई एडवांस में अच्छी रैंक आती है तो आईआईटी मुंबई या आईआईटी दिल्ली में अपनी पढ़ाई को प्राथमिकता देंगे। यक्षित के पिता रोहित बिजनेसमैन हैं व माता नीतू गिरी गृहिणी हैं।
बीते साल के मुकाबले 10वीं के परिणाम में 6.4 फीसदी का सुधार
सीबीएसई के परीक्षा परिणाम में गुरुग्राम के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। 10वीं कक्षा में छात्र विहान खुराना ने 99.8 फीसदी अंक लेकर टॉप किया है। 10वीं कक्षा के 21331 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। 10वीं कक्षा में 19730 विद्यार्थी पास हुए हैं। गुरुग्राम का परिणाम 92.49 फीसदी परिणाम रहा। बीते साल के मुकाबले इस बार दसवीं कक्षा के परिणाम में 6.4 फीसदी का सुधार हुआ है।
जेईई की तैयारी में जुटे विहान खुराना
डीपीएस सेक्टर-45 के छात्र विहान खुराना ने 99.8 फीसदी अंक लेकर गुरुग्राम में टॉप किया है। 11वीं कक्षा में अब साइंस नॉन मेडिकल की पढ़ाई करेंगे और वर्तमान में जेईई की पढ़ाई कर रहे हैं। विहान ने स्कूल के साथ ही घर पर स्वयं पढ़ाई करके यह सफलता प्राप्त की है। अंग्रेजी में 100, गणित में 100, सांइस में 100 सोशल स्टडीज में 99 व स्पेनिश में 99 अंक प्राप्त किए हैं। विहान के पिता वरुण खुराना ओटीपी नाम से खुद की कंपनी चला रहे हैं और माता प्रीति खुराना सीए हैं। विहान खुराना ने बताया कि अब 11वीं व 12वीं कक्षा में पढ़ाई पर फोकस करेंगे, ताकि वे फिर से टॉप कर सकें।
इंजीनियरिंग फील्ड में जाना चाहते हैं अर्नव
एमिटी इंटरनेशनल स्कूल सेक्टर-46 के छात्र अर्नव जैन ने 10वीं कक्षा में 99.6 फीसदी अंक हासिल किए हैं। गणित, साइंस व एआई में 100-100 अंक, अंग्रेजी व एसएसटी में 99 अंक प्राप्त किए हैं। अर्नव अब 11वीं कक्षा में साइंस नॉन मेडिकल की पढ़ाई करेंगे और 12वीं के बाद में इंजीनियरिंग फील्ड में जाना चाहते हैं, जिसके लिए उन्होंने पहले ही तैयारी शुरू कर दी है। अर्नव ने बताया कि उन्होंने कभी भी बोर्ड परीक्षाओं के लिए ट्यूशन या कोचिंग नहीं ली है। उन्होंने स्कूल के साथ ही घर पर पढ़ाई की। रोजाना 10 घंटे सभी विषयों की पढ़ाई करके उन्होंने यह सफलता प्राप्त की है।
