मुलायम सिंह यादव की सेहत में सुधार नहीं: आईसीयू में किए गए शिफ्ट, गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में हैं भर्ती
Mulayam Singh Yadav Health News: सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती हैं। अभी उनकी हालत में कोई सुधार नहीं है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनके स्वास्थ्य पर निगरानी रख रही है। मुलायम सिंह के लिए देशभर में दुआओं का दौर जारी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुलायम सिंह 24 घंटे डॉक्टरों की टीम की निगरानी में हैं। उधर, मुलायम सिंह यादव के चाहने वाले उनके शीघ्र स्वस्थ लाभ के लिए दुआएं कर रहे हैं।वहीं, डिंपल यादव मुलायम सिंह का हाल जानने के लिए अस्पताल पहुंची हैं।
सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की तबीयत करीब तीन साल से गड़बड़ चल रही है। वह महीने में कभी दो बार तो कभी एक बार जांच के लिए अस्पताल में भर्ती होते रहे हैं। लेकिन, अगस्त महीने से उनकी हालत में लगातार गिरावट हुई है।
दिग्गजों ने की मुलायम के स्वस्थ होने की कामना
सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के मेदांता में भर्ती होने के बाद दिग्गज नेताओं ने उनके स्वस्थ होने की कामना की। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक एवं केशव प्रसाद मौर्य ने ट्वीट कर उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी ट्वीट कर जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
पार्टी नेताओें एवं कार्यकर्ताओं ने उनके स्वास्थ्य में सुधार को लेकर धार्मिक अनुष्ठान भी किए। लंबे समय से बीमार चल रहे 82 वर्षीय मुलायम का मेदांता में डॉ. नितिन सूद और डॉ. सुशील कटारिया की निगरानी में उपचार चल रहा है। उन्हें जुलाई में भी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
केंद्रीय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल व राज बब्बर ने जाना नेताजी का हाल
केंद्रीय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल ने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की और उनसे मुलायम सिंह यादव की तबीयत के बारे में जानकारी ली। बता दें कि विधानसभा चुनाव में बघेल ने अखिलेश के खिलाफ चुनाव लड़ा था। वहीं, कांग्रेस नेता राज बब्बर भी मेदांता अस्पताल पहुंचे और सपा संरक्षक का हाल जाना। वहीं, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने भी मेदांता पहुंचकर नेताजी के स्वास्थ्य की जानकारी ली। मंगलवार को छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम रमन सिंह और चांदपुर विधायक स्वामी ओमवेश भी मुलायम के स्वास्थ्य का हाल जानने पहुंचे।