गांव गाडौली में घर के पलंग के नीचे घुसा कोबरा
गुरुग्राम। गांव गाडौली खुर्द के एक घर में सांप घुस जाने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही देर रात वन्य जीव संरक्षक मौके पर पहुंचे और सांप को अरावली में छोड़ा। गनीमत यह रही कि सांप ने किसी को भी नुकसान नहीं पहुंचाया।
वन्य जीव संरक्षक अनिल गंडास ने बताया कि गाडौली निवासी कुलदीप के घर शनिवार देर शाम मेहमान आए हुए थे। वह चाय पीने के साथ ही बातचीत कर रहे थे कि उन्हें पलंग के नीचे कुछ जाता हुआ दिखाई दिया। इस पर उन्होंने कुलदीप को बताया तो उन्होंने पहले तो चूहा समझा, लेकिन जब पलंग के नीचे झांक कर देखा तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने परिवार के सभी सदस्यों को कमरे से बाहर कर दिया। उन्होंने डंडा लेकर पलंग के नीचे खटखटाया, तो सांप बाहर निकल आया और फन फैलाकर बैठ गया। इस पर उन्होंने वन्य जीव संरक्षक को फोन किया। जब तक वन्य जीव संरक्षक मौके पर पहुंचते तब तक सांप दोबारा पलंग के नीचे अंधेरे में चला गया। काफी देर तक मशक्कत करने के बाद सांप को काबू किया जा सका। उन्होंने बताया कि पकड़ा गया सांप 4 फुट लंबा स्पेक्टिकल कोबरा था, जिसे अरावली में छोड़ा गया है।