सचिन सिंगला आत्महत्या मामला: कांग्रेस के युवा जिला अध्यक्ष समेत 24 आरोपियों पर मामला दर्ज, पत्नी ने बताए पति के अंतिम शब्द
किराना व्यापारी और बिल्डर की आत्महत्या करने के मामले में पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने 24 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मृतक के पास से पुलिस को सुसाइड नोट भी मिला था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गुरुग्राम में किराना व्यापारी और बिल्डर सचिन सिंगला के हाथ और पैर की नस काटकर आत्महत्या करने के मामले में शहर पुलिस ने गुरुग्राम के सेक्टर 93 निवासी मृतक सचिन की पत्नी नीतू सिंगला की शिकायत पर 24 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मृतक सचिन के पास से पुलिस को सुसाइड नोट मिला था।
मामले में पुलिस ने आरोपी कांग्रेस युवा जिला प्रधान चंद्रमोहन पोटलिया, सुमित गोयल, सुरजीत माचरा, रवि माचरा, देवकी गोयल, नरेंद्र शर्मा, विजय ढिंगसरा, राकेश, शेरा बैनीवाल, कृष्ण, मनु रूपाणा, विक्की सिहाग, कुलबीर सिहाग, सुमित मेहता, बलवान बिर्ड, पवन गागर, मनीष, सुमित उर्फ सैकी, पहलवान जाखोद, संदीप गोयल, विक्की उर्फ भारत, मोहर सिंह, मोहर सिंह कासवां, कुसुम गोयल के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया है। मृतक की पत्नी द्वारा जो कि शिकायत दी गई है कि उसमें करीब एक से डेढ़ करोड़ रुपये का लेन-देन बताया गया है। आरोप है कि उक्त आरोपियों से राशि लेनी थी जो कि देने से मना कर रहे थे और जान से मारने की धमकी दे रहे थे। इसके चलते पति सचिन सिंगला ने आत्महत्या की है।
पुलिस को दी शिकायत में मृतक सचिन की पत्नी नीतू सिंगला ने बताया कि भट्टूकलां निवासी सुमित गोयल से 18 लाख, सुरजीत माचरा से 5 लाख 62 हजार, रवि माचरा से 3 लाख 78 हजार, देवकी गोयल से 62 हजार, नरेंद्र शर्मा से 2 लाख 60 हजार, ढिंगसरा निवासी विजय से 1 लाख 85 हजार, कालीरावण निवासी राकेश से 1 लाख 40 हजार, ढाबी निवासी शेरा से 4 लाख 76 हजार 500, गदली निवासी कृष्ण से 4 लाख 63 हजार 800, रूपाण निवासी मनु से 35 हजार, विक्की सिहाग से 3 लाख 87 हजार, कुलवीर सिहाग से 5 लाख 22 हजार, सुमित मेहता से 1 लाख 80 हजार, बलवान बेरड से 50 हजार, पवन गर्ग से 3 लाख 60 हजार, रामसरा निवासी मनीष से 5 लाख 48 हजार, सुमित उर्फ सैकी बंसल से 2 लाख 52 हजार, पहलवान जाखोद से 5 लाख 50 हजार, चन्द्रमोहन पोटलिया से 3 लाख 50 हजार, संदीप गोयल से 6 लाख, विक्की उर्फ भरत गोयल से 7 लाख, मोहर सिंह से करीब 75 लाख रुपये लेने हैं। आरोपियों से सचिन ने बार-बार रुपये मांगे लेकिन नहीं दिए गए।
पुलिस को दिए बयान में नीतू सिंगला ने बताया कि पति द्वारा नस काटकर आत्महत्या करने की घटना दोपहर करीब डेढ़ बजे की है। पति ने वाट्सएप कॉल करके जानकारी दी थी। आरोप है कि उसे भी गांव ठुइयां निवासी मोहर सिंह और माचरा मंडी निवासी कुसुम गोयल ने जान से मारने की धमकी दी थी।
मामले के मुताबिक फतेहाबाद के भट्टूकलां हाल गुरुग्राम निवासी 45 वर्षीय सचिन कुमार पहले भट्टूकलां रह रहा था और अब तीन साल से गुरुग्राम में था। बताया जा रहा है कि वहां जाकर किराने की दुकान कर ली और बिल्डर भी था। गुरुवार दोपहर को सचिन कोर्ट में वकील से मिलने के लिए आया था। इसके बाद वह अपनी गाड़ी से गुरुग्राम जा रहा था, रास्ते में भूना बाईपास फोरलेन पर हाथ और पैर की नस काट ली। राहगीरों ने गंभीर हालत में फतेहाबाद के निजी अस्पताल में दाखिल करवाया था, यहां पर उपचार के दौरान मौत हो गई थी।
गुरुग्राम के बिल्डर सचिन सिंगला द्वारा सुसाइड से पहले बनाए गए सुसाइड नोट में युवा कांग्रेस के प्रधान चंद्रमोहन पोटलिया सहित 24 लोगों के नाम देने पर युवा कांग्रेस के प्रधान चंद्रमोहन पोटलिया से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि सचिन को उन्होंने उधार में रुपये दिए हुए थे। यह गलत है कि उन्होंने सचिन को रुपये देने थे। उनके अलावा करीब 20 लोग और सचिन को लाखों रुपये दे चुके हैं। उनको बेवजह फंसाया गया है, जबकि वास्तविकता यह है कि हमें सचिन से रुपये लेने थे, न की देने थे। उनके पास सचिन द्वारा लिए गए रुपयों का रिकॉर्ड भी है।
गुरुग्राम निवासी सचिन की मौत मामले में पत्नी के ब्यान पर 24 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मामले की फिलहाल जांच चल रही है। -ओम प्रकाश चुघ, शहर थाना प्रभारी