एनकाउंटर: गैंगस्टर को लगी गोली, CO बाल-बाल बचे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ग्रेटर नोएडा के बिसरख क्षेत्र के चौगानपुर के पास शुक्रवार रात एनकाउंटर में एक गैंगस्टर पुलिस की गोली से घायल हो गया। दोनों तरफ से करीब 15 राउंड फायर हुए। एक गोली पुलिस की गाड़ी में भी लगी, जिसमें सीओ बाल-बाल बच गए।
घायल बदमाश को कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है, उसके पांच साथी फरार हो गए हैं। पुलिस ने दो हाई स्पीड बाइक और एक देशी पिस्टल बरामद की है। पुलिस की माने तो यह गैंग क्षेत्र में बड़ी वारदात को अंजाम देने आया था।
एसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार रात चुनाव के मद्देनजर करीब 9:45 बजे वाहनों की चेकिंग कराई जा रही थी। बिसरख सीओ अनूप कुमार और एसओ अश्विनी कुमार भी वाहन चेकिंग कर रहे थे। हबीबपुर की ओर से तीन बाइकों पर सवार होकर छह युवक आए।
सिपाहियों ने उनको रुकने का इशारा किया तो वह भागने लगे। यह देखते ही सीओ अनूप गाड़ी लेकर बदमाशों का पीछा करने लगे। इसके बाद एसओ ने भी अपनी जीप दौड़ा दी और अन्य पुलिसकर्मियों को सचेत कर दिया।
चौगानपुर के पास जब सीओ की गाड़ी ने बदमाशों को ओवरटेक किया तो पीछे बैठे बदमाशों ने तीन फायर किए, जिनमें एक गोली सीओ की गाड़ी में जा लगी।
बड़ा हिस्ट्रीशीटर है बदमाश
तब तक एसओ अश्विनी कुमार भी वहां पहुंच गए, जिसके बाद उनकी और बदमाशों के बीच 15 राउंड फायरिंग हुई। पुलिस की एक गोली बाइक पर बैठे बदमाश को लगी और उनकी बाइक फिसल गई, जिससे उसका साथी मौका पाकर भागने में कामयाब रहा।
बाकी दो बाइकों पर सवार बदमाशों का पुलिस की दूसरी टीम से सामना हो गया। उन्होंने भी पुलिस टीम पर भी फायर कर दिया। फोर्स कम होने के कारण बदमाश मौका पाकर फरार हो गए।
उस समय एक बाइक की चेन खराब हो गई तो बदमाश उसे वहीं पर फेंककर फरार हो गए। पुलिस ने घायल को उठाया और देखा तो उसके पास एक देशी पिस्टल और मैगजीन पड़ी थी। पुलिस ने पिस्टल और दोनों बाइकों को अपने कब्जे में ले लिया। घायल को कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी नीरज को गिरफ्तार कर लिया है और हिरासत में ही उसका इलाज चल रहा है। फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लगातार दबिश जारी है।
एसपी ने बताया कि घायल ने अपनी पहचान बादलपुर क्षेत्र के अछैजा गांव निवासी नीरज नागर पुत्र ब्रह्मपाल सिंह के रूप में कराई है। नीरज बादलपुर थाने का हिस्ट्रीशीटर है और लूटपाट समेत पांच से अधिक मामले दर्ज हैं।
इस पर गैंगस्टर भी लगा है। पुलिस को पूछताछ में पता चला कि नीरज के अलावा एक बदमाश लोनी का है और दूसरा बादलपुर क्षेत्र के ही एक गांव का है।
बड़ी वारदात को अंजाम देने आया था गैंग
ग्रेटर नोएडा के बिसरख क्षेत्र में हुए एनकाउंटर में चार बदमाशों के पास आधुनिक 9 एमएम पिस्टल भी थी। पुलिस के मुताबिक इस गैंग द्वारा किसी की सुपारी लेकर हत्या करने, कोई बड़ी लूट की घटना या फिर किसी का अपहरण करने की तैयारी थी।
पुलिस ने बताया कि पिस्टल से चली गोली के दो खोखे भी मिले हैं। मुठभेड़ में फरार एक बदमाश का नाम अंकित बताया गया है। घायल बदमाश से जानकारी मिली है लेकिन ये स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ये नरौली का अंकित है या फिर बागपत-खेकड़ा का रहने वाला है। पुलिस को अंकित की सरगर्मी से तलाश है। अब फरार बदमाशों की गिरफ्तारी और घायल बदमाश के होश में आने के बाद ही असल बात का पता चल सकेगा।
जिस तरह से बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की है, उससे लगता है कि ये गैंग पहले भी कई वारदातों को अंजाम दे चुका है। पुलिस ने बताया कि एक पल्सर, एक अपाचे और तीसरी होंडा की बाइक थी। पुलिस की माने तो एक बदमाश की बिसनूली का है और दो बदमाशों के बारे में पता चला है कि वे लोनी और बागपत के रहने वाले हैं। एक बदमाश जारचा कोतवाली क्षेत्र का बताया गया है, जो इन दिनों फरार चल रहा है।
बदमाश की बाइकों पर फर्जी नंबर
बिसरख में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दोनों बाइकों का नंबर गाजियाबाद का है, जिनमें एक नंबर की सीरीज तो गाजियाबाद आरटीओ ने अभी तक शुरू भी नहीं की है। दोनों बाइक लूट और चोरी की हैं और नंबर भी फर्जी हैं। पुलिस बाइक के मालिकों की तलाश में जुट गई है।