'50 हजार के चालान का विरोध': निगम जोनल कार्यालय में धरने पर बैठे व्यापारी, व्यापार मंडल अध्यक्ष हिरासत में
गाजियाबाद के विजयनगर में व्यापारियों ने नगर निगम की अतिक्रमण रोधी कार्रवाई का विरोध किया। व्यापारियों का आरोप है कि टीम 50 हजार रुपये का चालान काट रही थी। इतना ही नहीं सेटलमेंट का खेल भी चल रहा था। जिसका व्यापारियों ने खुलकर विरोध किया और विजयनगर जोनल कार्यालय पहुंच गए।
विस्तार
विजयनगर के आंबेडकर नगर इलाके में नगर निगम की अतिक्रमण रोधी कार्रवाई के दौरान भारी बवाल खड़ा हो गया। व्यापारियों का आरोप है कि निगम टीम डरा-धमकाकर 50-50 हजार रुपये के चालान काट रही थी और सेटलमेंट का खेल चल रहा था। इसका विरोध करने पहुंचे व्यापार मंडल विजयनगर के अध्यक्ष विजय शर्मा से निगम टीम ने अभद्रता की और उन्हें जबरन गाड़ी में ठूंसकर ले गई। इस घटना से गुस्साए दर्जनों व्यापारियों ने विजयनगर जोनल कार्यालय पर धावा बोल दिया और जमकर नारेबाजी करते हुए हंगामा शुरू कर दिया है।
50 हजार के चालान और सेटलमेंट कराने का आरोप
व्यापार मंडल अध्यक्ष विजय शर्मा ने बताया कि आंबेडकर नगर क्षेत्र से व्यापारियों का फोन आया था कि नगर निगम की टीम 50-50 हजार रुपये के चालान की पर्चियां काट रही है। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि चालान रद्द करने के एवज में 10-10 हजार रुपये में सेटलमेंट करने का दबाव बनाया जा रहा था। जब वे मौके पर पहुंचे और अफसरों से इस कार्रवाई पर सवाल किया, तो वे भड़क गए।
अध्यक्ष से मारपीट और धक्का-मुक्की
विजय शर्मा का आरोप है कि अपना परिचय देने के बावजूद निगम टीम के साथ मौजूद लोगों ने उन पर उल्टे आरोप लगाए और पीछे से आकर 3-4 लोगों ने उन्हें दबोच लिया। उनके साथ धक्का-मुक्की की गई, डंडे से पीटा गया और जबरन गाड़ी में डाल लिया गया। इसके बाद उन्हें रास्ते में नासिरपुर फाटक के पास ले जाकर जबरन गाड़ी से उतारने की कोशिश की गई।
घटना के बाद व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा। स्थानीय विधायक संजीव शर्मा और भाजपा पदाधिकारियों को पूरे मामले से अवगत कराने के बाद बड़ी संख्या में व्यापारी विजयनगर जोनल कार्यालय पहुंचे और वहां जमकर हंगामा किया। व्यापारियों ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ 'तानाशाही नहीं चलेगी' और 'गुंडागर्दी बंद करो' के जोरदार नारे लगाते हुए दोषी कर्मचारियों व अफसरों पर तुरंत कार्रवाई की मांग की है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.