फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi NCR ›   Ghaziabad News ›   hapur news

दरोगा की हत्यारोपी की तलाश में आई महाराष्ट्र पुलिस पर हमला

Ghaziabad Bureau गाजियाबाद ब्यूरो
Updated Wed, 12 May 2021 12:10 AM IST
विज्ञापन
hapur news
दरोगा की हत्यारोपी की तलाश में आई महाराष्ट्र पुलिस पर हमला
विज्ञापन

गाजियाबाद। दरोगा की हत्यारोपी महिला की तलाश में नंदग्राम थानाक्षेत्र के दीनदयालपुरी में पहुंची महाराष्ट्र की पुणे पुलिस पर लोगों ने हमला बोल दिया। लाठी-डंडों व रॉड से हुए हमले में पुणे पुलिस के पांच जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। हमलावरों ने पुलिसकर्मियों की इनोवा कार भी क्षतिग्रस्त कर दी। मदद के लिए यूपी-112 नंबर मिलाने की कोशिश करने पर हमलावरों ने तीन पुलिसकर्मियों के मोबाइल लूट लिए। साथ ही उनके असलहा लूटने की कोशिश भी की। सूचना पर पहुंची नंदग्राम पुलिस को देख आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ हत्या की कोशिश व लूटपाट समेत अन्य संगीन धाराओं में केस दर्ज किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ रासुका के तहत कार्रवाई की जाएगी।
पुणे सिटी, महाराष्ट्र के फरासखाना थानाक्षेत्र में पांच मई को ड्यूटी से लौट रहे एएसआई समीर सय्यद की हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने हत्यारोपी प्रवीण महाजन को उसी दिन गिरफ्तार कर लिया था, जबकि उसकी पत्नी कल्पना महाजन फरार है। फोन पर उसकी बातचीत नंदग्राम के दीनदायलपुरी निवासी केक कारोबारी अंकित से मिलने पर सहायक इंस्पेक्टर अभिजीत राम पाटिल के नेतृत्व में पुणे पुलिस की टीम सोमवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे दीनदायलपुरी पहुंची। टीम अंकित से पूछताछ कर ही रही थी तभी उसके पिता राजकुमार शाह ने अपने दर्जनभर साथियों के साथ टीम पर हमला कर दिया। लाठी-डंडों व रॉड से हमला होने पर महाराष्ट्र पुलिस की टीम में अफरातफरी मच गई। उन्होंने भागकर जान बचाने की कोशिश की लेकिन हमलावरों ने उन्हें घेर कर पीटा।
विज्ञापन

एफआईआर फाड़ी, आईकार्ड छीने, मोबाइल लूटे
पुणे पुलिस के सहायक इंस्पेक्टर अभिजीत राम पाटिल के मुताबिक हमलावरों ने आईकार्ड लूट लिया। यूपी-112 नंबर मिलाने की कोशिश की तो मोबाइल लूट लिए। एफआईआर समेत अन्य दस्तावेज फाड़ दिए। कार को तोड़ दिया और असलहा लूटने की कोशिश की।
विज्ञापन
विज्ञापन

सरेआम उत्पात देख भगदड़ मची
सरेआम हमलावरों का उत्पात देख स्थानीय लोगों और राहगीरों में भगदड़ मच गई। दुकानों के शटर बंद हो गए और सड़क पर सन्नाटा पसर गया। मौके पर पहुंची नंदग्राम पुलिस ने घायल पुलिसकर्मियों को अस्पताल में भर्ती कराया। सहायक इंस्पेक्टर अभिजीत पाटिल की तहरीर पर पुलिस ने पांच नामजद समेत एक दर्जन लोगों के खिलाफ हत्या की कोशिश, सरकारी कार्य में बाधा, लूटपाट समेत अन्य संगीन धाराओं में केस दर्ज कर लिया।
हत्यारोपी महिला की अंकित से हुई थी 26 बार बातचीत
महाराष्ट्र पुलिस के मुताबिक हत्यारोपी महिला कल्पना महाजन की दीनदयालपुरी निवासी अंकित से फोन पर 26 बार बातचीत मिली। उसकी लोकेशन भी दीनदयालपुरी में मिली। पुलिस को पूरा शक था कि कल्पना अंकित के यहां शरण लिए हुए है। बताया जा रहा है कि हमले में घायल होने के बावजूद महाराष्ट्र पुलिस कल्पना महाजन को हिरासत में लेकर वापस लौट गई।
बड़ी चूक : स्थानीय पुलिस को सूचना न देने का भुगता खामियाजा
नंदग्राम एसएचओ नीरज कुमार सिंह का कहना है कि महाराष्ट्र पुलिस ने स्थानीय थाने पर सूचना नहीं दी थी। यूपी-112 पर सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय थाने पर सूचना न देने के बारे में पूछने पर महाराष्ट्र पुलिस की टीम ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि हत्यारोपी महिला भागने की फिराक में है, लिहाजा वह पहले मौके पर पहुंच गए। एसएचओ ने बताया कि अंकित, उसके पिता राजकुमार शाह के अलावा प्रमोद, शंकर, विजय और शिब्बू उर्फ शिवा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

संदिग्ध हत्यारोपी की तलाश में आई महाराष्ट्र पुलिस पर हमला किया गया। पांच नामजद समेत एक दर्जन लोगों के खिलाफ कई धाराओं में केस दर्ज कर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। घटना में शामिल लोगों पर रासुका के तहत कार्रवाई की जाएगी। - निपुण अग्रवाल, एसपी सिटी
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed