मसूरी और गालंद में दो अवैध कालोनियों पर चला जीडीए का बुलडोजर
गाजियाबाद। अवैध निर्माण के खिलाफ गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की कार्रवाई का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। जीडीए प्रवर्तन जोन-पांच की टीम ने एनएच-9 से सटे मसूरी और गालंद में 35 हजार वर्ग मीटर में काटी जा रही दो अवैध कालोनियों में चल रहीं निर्माणाधीन गतिविधियों को ध्वस्त कर दिया।
ध्वस्तीकरण की कार्रवाई प्रवर्तन जोन-पांच के प्रभारी मनोज कुमार सागत के नेतृत्व में की गई। उन्होंने बताया कि मसूरी क्षेत्र में हाजी रिजवान की ओर से 15 हजार वर्ग मीटर जमीन पर अवैध रूप से कालोनी काटी जा रही थी। वहीं, गालंद गांव में बिलाल के 20 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में काटी जा रही कॉलोनी के सभी निर्माणाधीन प्रोजेक्ट को ढहा दिया गया है। निर्माणकर्ताओं के खिलाफ एंटी भू-माफिया एक्ट के तहत कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता महेंद्र प्रताप सिंह, अवर अभियंता राजेश शर्मा, रामानंद, नरेंद्र कुमार के साथ जीडीए पुलिस बल मौजूद रहा।