चीन से लौटी युवती की हुई जांच, नहीं मिले कोरोना वायरस के लक्षण
डॉक्टरों ने उसे क्लीन चिट दे दी, लेकिन ट्रेवल हिस्ट्री होने के चलते एहतियातन उसका ब्लड सैंपल लिया गया है। इसकी रिपोर्ट आने में तीन दिन का समय लगेगा। सीएमओ डॉ. एनकेगुप्ता ने बताया कि चीन के बुहान में कोरोना वायरस का प्रकोप है। बीजिंग के आसपास ऐसी कोई बात संज्ञान में नहीं आई है।
जिला मलेरिया अधिकारी जीके मिश्रा ने बताया कि युवती का परिवार दिल्ली के मयूर विहार में रहता है। युवती 20 जनवरी को दिल्ली आई थी। दो दिन पहले वह अपने भाई के घर इंदिरापुरम आ गई थी।
युवती बीजिंग के पास एक छोटे कस्बे निंदगो में अध्यापिका है। वह पूरी तरह से स्वस्थ है। ट्रेवल हिस्ट्री होने के कारण एहतियातन उसकी जांच कराई गई है। उसके घर से मैट और कार्पेट आदि भी हटवा दी गई है।
विदेश से आने वाले से करें बचाव
सीएमओ डॉ. एनके गुप्ता ने कहा हाथ मिलाने से बचें और भारतीय संस्कृति अपनाएं। हाथ जोड़कर अभिवादन करें। खासकर सर्दी में तो इस बात का हर हाल में ध्यान रखें। मधुमेह के रोगियों, बच्चों और बुजुर्गों की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होती है, उन्हें ज्यादा सावधानी रखने की जरूरत होती है।
सर्दी के मौसम में कपड़े शेयर करने से भी बचना चाहिए और संक्रमण से बचने के लिए बार- बार हाथ धोएं। जिला एमएमजी अस्पताल में शासन के निर्देश पर आईसोलेशन वार्ड बनाया गया है।
सीएमओ ने अपील की कि चीन से आने वाले कम से कम 14 दिन तक आईसोलेशन में रहें। कई बार इन्क्यूबेशन पीरियड के चलते लक्षण बाद में भी दिखाई पड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कोरोना से डरें नहीं, बल्कि सावधान रहें और कोई भी परेशानी या शंका होने पर स्वास्थ्य विभाग से संपर्क करें।
एमएमजी अस्पताल में बनाया गया कंट्रोल रूम
जिला एमएमजी अस्पताल स्थित आईडीएसपी में कंट्रोल रूम बनाया गया है। 0120-4186453 पर संपर्क करें। कंट्रोल रूम सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक काम करता है। सीएमओ ने बताया कि कोरोना वायरस से पीड़ित के लक्षण स्वाइन फ्लू से काफी मिलते-जुलते हैं। यानी मरीज को सांस लेने में दिक्कत, नाक बहना, छींके आना और कई बार ब्लीडिंग भी हो जाती है। पीड़ित को तेज बुखार भी होता है। सीएमओ ने अपील की है यदि किसी का कोई रिश्तेदार या संबंधी चीन से आता है तो स्वास्थ्य विभाग को सूचित करें। ताकि एहतियातन जांच कराई जा सके।