जबरन बीयर पिलाकर नाबालिग से किया दुष्कर्म, लगातार चार दिन दिया घिनौने कृत्य को अंजाम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
साइबर सिटी में काम के लालच में पूर्वोत्तर की 14 वर्षीय नाबालिग को बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने चार दिन तक गुरुग्राम समेत दिल्ली में अलग-अलग जगहों पर पीड़िता को जबरदस्ती बीयर और नशीला पेय पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया।
आरोप है कि दो युवतियों ने भी नाबालिग को पहुंचाने में आरोपियों की मदद की। पुलिस के अनुसार आरोपियों के चंगुल से छुड़ाने में दो युवकों ने पीड़िता की मदद की। इसके बाद वह दिल्ली स्थित मेघालय भवन में पहुंची।
इसके बाद दिल्ली के पुलिस अधिकारी बृहस्पतिवार अलसुबह पीड़िता को गुरुग्राम लेकर पहुंचे। पीड़िता के बयान पर चार युवकों को नामजद कर उनके खिलाफ पोक्सो समेत अन्य धारा के तहत मामला दर्ज कर लिया गया।
गुरुग्राम पुलिस प्रवक्ता सुभाष बोकन ने बताया कि दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। इनसे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि पूर्वोत्तर से संबंध रखने वाली 14 वर्षीय पीड़िता को राजेंद्रा पार्क में रहने वाले अमन उर्फ छोटू नामक युवक गुरुग्राम में नर्सिंग सर्विस का काम देने का लालच देकर दो अगस्त को लेकर आया।
तीन अगस्त से पांच अगस्त तक एक महिला की मदद से चौमा गांव, सेक्टर-39 और दिल्ली में लोकेश, भूपेेंद्र और एक अन्य शख्स ने जबरदस्ती नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ हैवानियत की। इस दौरान कई लोगों ने उसके साथ अश्लील हरकत भी की।
अमन के पास ही रहने वाले पूर्वोत्तर के युवकों की मदद से छह अगस्त की रात को किसी तरह वह चौमा गांव से आरोपियों के चंगुल से छूटी। युवक उसे राजेंद्रा पार्क लेकर आए यहां आपबीती सुनने के बाद सात अगस्त को उसे दिल्ली स्थित मेघालय भवन लेकर पहुंचे।
पीड़िता की आपबीती सुनने के बाद मेघालय सरकार के आला अधिकारी भी हरकत में आ गए। बृहस्पतिवार अलसुबह चार बजे दिल्ली पुलिस के आला अधिकारियों के साथ पीड़िता को गुरुग्राम लेकर आया गया।
गुरुग्राम पुलिस की मदद से राजेंद्रा पार्क स्थित आरोपियों के ठिकाने पर छापेमारी की लेकिन वे फरार हो गए। गुरुग्राम पुलिस के आला अधिकारियों की निगरानी में महिला थाना पुलिस (पश्चिम) ने पीड़िता के बयान दर्ज कर अमन उर्फ छोटू, लोकेश उर्फ लंबू, भूपेेंद्र, ओमप्रकाश और अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस के आला अधिकारियों के मुताबिक अन्य आरोपियों की भी तलाशी की जा रही है।