Weather: आज से दिल्ली में चार दिन बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया यलो अलर्ट; सक्रिय हो रहा नया पश्चिमी विक्षोभ
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को भी बादल छाए रहेंगे। ऐसे में सुबह से दोपहर के बीच गरज चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई है।
विस्तार
दिल्ली में मौसम विभाग ने चार दिन तेज हवाओं के साथ बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। ऐसे में 28 मार्च को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इससे दिल्ली के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। इस दौरान तेज हवाएं चलने का अनुमान है। बारिश के बाद तापमान में भी हल्की गिरावट आने की उम्मीद है। ऐसे में बृहस्पतिवार देर रात से मौसम बदलने की संभावना है।
आज गरज और चमक के साथ बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को भी बादल छाए रहेंगे। ऐसे में सुबह से दोपहर के बीच गरज चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। वहीं, 28 मार्च को मौसम थोड़ा शांत रहेगा। 29 मार्च को एक बार फिर बदरा बरसने की संभावना है। इसके अलावा, 30 मार्च को 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। मौसम विभाग ने इस दिन गरज चमक के साथ हल्की बारिश की भी संभावना जताई है।
तेज धूप ने लोगों को किया परेशान
गुरुवार को दिनभर तेज धूप के चलते लोगों को गर्मी का अहसास हुआ। इस दौरान अधिकतम तापमान 34.8 और न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री दर्ज हुआ। दिल्ली में अधिकतम आर्द्रता 77 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 25 प्रतिशत रही।