सोच-समझकर खाएं: गंदगी में तैयार हो रही नमकीन, खाद्य विभाग ने आदर्श नमकीन फैक्टरी को किया सीज; देखें वीडियो
बुलंदशहर जिले के खुर्जा में खाद्य एवं सुरक्षा विभाग ने आदर्श नमकीन फैक्टरी में छापा मारा। इस दौरान काफी गंदगी देखने को मिली। गंदगी साफ नहीं होने तक फैक्टरी में कार्य को बंद कर दिया गया है।
विस्तार
खुर्जा में सिटी स्टेशन रोड स्थित आदर्श नमकीन फैक्टरी में खाद्य एवं सुरक्षा विभाग की ओर से बुधवार को छापा मारा गया। यहां पर विभाग के अधिकारियों को दाल सेब और नमकीन बनाने वाले बर्तन व उपकरणों में गंदगी जमा मिली। साथ ही गलत रूप तरीके से इस्तेमाल किए जा रहे संदिग्ध सोयाबीन रिफाइंड तेल के 56 टीन मिले, जिनको सीज किया गया।
खुर्जा के नवलपुरा मोहल्ला स्थित आदर्श फूड इंटरनेशनल फैक्टरी में अलग-अलग किस्म की नमकीन और अन्य खाद्य पदार्थ तैयार होते हैं। बुधवार सुबह करीब 11 बजे खाद्य एवं सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त विनीत कुमार सिंह टीम के साथ फैक्टरी में जांच करने पहुंच गए, जहां पर नमकीन और दाल सेब तैयार हो रही थी।
सहायक आयुक्त वीके सिंह ने बताया कि मौके पर देखा गया कि जहां पर दाल और अन्य पदार्थों को पानी में रखा था। उन टैंकों में काफी गंदगी थी। पानी भी काफी गंदा था, जो खाने योग्य नहीं बनाया जा सकता है। जहां पर दाल का पेस्ट बनाया जा रहा था, वहां पर भी काफी गंदगी जमा हो रही थी। इसके अलावा भट्टी पर भी काफी चिकनाई और धूल जम रही थी। जो तेल से हो जाती है, लेकिन इसको समय-समय पर साफ करना जरूरी है। गंदगी के साथ खाने के पदार्थ तैयार करना गलत है।
इसके अलावा फैक्टरी में सोयाबीन रिफाइंड के 56 टीम बरामद हुए, जिन पर दो अलग-अलग कंपनी के स्टीकर लग रहे थे। इसके अलावा उन पर तेल की एक्सपायरी तारीख भी नहीं थी, ऐसे में तेल को संदिग्ध मानते हुए सीज किया गया। गंदगी साफ नहीं होने तक फैक्टरी में कार्य को बंद कर दिया गया है। सहायक आयुक्त ने बताया कि मौके से बेसन, नमकीन सेव, अजवाइन, मैदा, मूंगफली दाना, सोयाबीन रिफाइंड तेल, पका हुआ तेल कुल सात नमूने लिए गए, जांच के लिए भेज दिए हैं।
दिल्ली एनसीआर समेत अन्य प्रदेशों में है सप्लाई
खाद्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार आदर्श कंपनी नमकीन की सप्लाई दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र के उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों, हरियाणा, राजस्थान, महाराष्ट्र और अन्य प्रदेशों में भी जाती है। इसके अलावा आस-पास के जिलों में काफी प्रसिद्ध नमकीन है, जो थोक और फुटकर विक्रेताओं पर मिलती है। इसके अलावा कंपनी की ओर से होली और दीपावली पर कंपनी की ओर से खाद्य पदार्थों के गिफ्ट पैकेट भी तैयार होते हैं।