दिवाली की खुशियों में न पड़े खलल: 3000 से ज्यादा जवान संभालेंगे मोर्चा, दिल्ली में दमकल विभाग हाई अलर्ट
राजधानी दिल्ली में आग की घटनाओं को लेकर दमकल विभाग पूरी तरह से तैयार हो गया है। सभी दमकल कर्मियों की शनिवार और रविवार की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। वहीं 3000 से ज्यादा जवान और 100 अधिकारी अलग-अलग इलाकों में तैनात रहेंगे।
विस्तार
दीपावली पर आपकी खुशियों में खलल न पड़े, इसके लिए अग्निशमन विभाग भी हाई अलर्ट पर है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राजधानी के सभी 66 दमकल केंद्रों पर करीब 3000 जवान और 100 से ज्यादा अधिकारियों की तैनाती की गई है। साथ ही, शनिवार और रविवार के लिए सभी जवानों की छुट्टियां भी रद्द कर दी गईं हैं।
राजधानी के अलग-अलग 33 संवेदनशील स्थानों की पहचान कर दमकल विभाग की विशेष गाड़ियां, बाइक और जायलो एसयूवी गाड़ियों को तैनात किया गया है। दमकल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पाबंदी के बाद भी लोग पटाखे जलाने से बाज नहीं आते हैं। पटाखे जलाने के दौरान बरती गई लापरवाही हादसों की वजह बन जाती है। थोड़ी सी सावधानी से हादसा बच सकता है। पिछले सालों में आग लगने के आंकड़ों पर गौर करें तो वर्ष 2021 में 152 कॉल्स के मुकाबले वर्ष 2022 में कुल 201 कॉल्स आई थीं। इन कॉल्स की संख्या में और भी कमी लाने का प्रयास किया जा रहा है।
ये बरतें सावधानी
किसी भी सूरत में पटाखें न जलाएं। छतों को साफ कर ज्वलनशील पदार्थ हटा लें।
दीये जला रहे हैं तो उसे पर्दे या हिलने वाले चीजों से दूर रखें।
आग लगने पर तुरंत जितनी जल्दी हो सके दमकल विभाग को सूचना दें।
यदि किसी भी कारण आग लग जाए तो सबसे पहले अपने व परिजनों को सुरक्षित बाहर निकालें
इन स्थानों पर तैनात रहेंगी दमकल की गाड़ियां
बाराटूटी चौक, तिलक नगर, लाजपत नगर सेंट्रल मार्केट, लाल कुआं चौक, लाहौरी गेट, नांगलोई पुलिस स्टेशन, साउथ एक्सटेंशन, सोनिया विहार, महरौली पुलिस स्टेशन, घिटोरनी मेट्रो स्टेशन, अलीपुर पुलिस स्टेशन, रानी बाग मार्केट, डीटीसी डिपो कतरन मार्केट, मंगोलपुरी, गांधी नगर मार्केट, महिपालपुर चौक, संगम विहार, मुंडका मेट्रो स्टेशन, डेरा गांव मोड़. छतरपुर, टिवोली गार्डन के पास, आजाद मार्केट चौक, जयपुर गोल्डन अस्पताल, पेपर मार्केट गाजीपुर, यमुना विहार और राधा स्वामी सतसंग भाटी माइंस के पास।
यहां तैनात होंगी बाइक व जायलो
अंबेडकर नगर पुलिस स्टेशन, कापसहेड़ा, पहाड़गंज पुलिस स्टेशन, कनाट प्लेस, सफदरजंग, शंकर रोड,. लक्ष्मी नगर, जनकपुरी, सीबीडी शाहदरा