पूजा तिवारी मामले में बढ़ाई गई इंस्पेक्टर अमित की न्यायिक हिरासत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पत्रकार पूजा तिवारी मौत के मामले में जेल में बंद इंस्पेक्टर अमित की न्यायिक हिरासत सात जून तक बढ़ा दी गई है। मंगलवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये हुई पेशी के बाद सीजेएम तरुण सिंघल ने मामले की सुनवाई अगली सुनवाई सात जून को तय की।
पूजा की आत्महत्या के आरोपी डॉक्टर दंपति के वकील भी इस मौके पर अदालत में हाजिर रहे और पुलिस की कार्रवाई की जानकारी हासिल की। मालूम हो कि वेब पोर्टल पत्रकार पूजा तिवारी की 2 मई की रात सेक्टर 46, सद्भावना अपार्टमेंट के पांचवीं मंजिल स्थित फ्लैट की बालकनी से संदिग्ध हालात में गिरने से मौत हो गई थी।
पिता रवि तिवारी ने बेटी की मौत का जिम्मेदार डॉ. अनिल गोयल और उनकी पत्नी को ठहराते हुए सूरजकुंड थाने में केस दर्ज करवाया था। 4 मई को पूजा के दोस्त भरत का एक ऑडियो वायरल हुआ था। घटना से कुछ देर पहले ही पूजा की भरत से बातचीत हुई थी।
पुलिस ने इंस्पेक्टर अमित को सात मई को हिरासत में लिया
जिसमें पूजा और इंस्पेक्टर अमित के बीच बंकी नाम के युवक को लेकर विवाद होते सुना गया। ऑडियो और पूजा की मुंहबोली भाभी ऊषा भाटिया के बयान को आधार बनाकर पुलिस ने इंस्पेक्टर अमित के खिलाफ आत्महत्या को प्रेरित करने का केस दर्ज कर सात मई को हिरासत में लिया।
चार दिन की रिमांड में अमित ने माना कि घटना से पहले उसकी पूजा से लड़ाई हुई थी। बालकनी से कूदी पूजा को अमित ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन हाथ फिसल गया। 10 मई को उसे जज ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था।
मंगलवार को दोपहर बाद वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये उसकी पेशी हुई। पुलिस ने जांच के लिए दो सप्ताह का समय और मांगा। सीजेएम तरुण सिंघल ने मंजूरी दे दी। एडवोकेट रविंद्र गुप्ता ने बताया कि अमित को जेल में वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये न्यायाधीश के सामने पेश किया गया।