{"_id":"68e2491f8ba7eb63230e8eaa","slug":"a-man-was-duped-of-rs-33000-on-the-pretext-of-his-daughters-photoshoot-faridabad-news-c-24-1-gur1002-68999-2025-10-05","type":"story","status":"publish","title_hn":"टीवी एड के नाम पर ठगी: 'आलिया-अल्लू अर्जुन के साथ होगा बेटी का शूट', फोटोशूट और ड्रेस के लिए मांगे एक लाख","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
टीवी एड के नाम पर ठगी: 'आलिया-अल्लू अर्जुन के साथ होगा बेटी का शूट', फोटोशूट और ड्रेस के लिए मांगे एक लाख
Sun, 05 Oct 2025 04:01 PM IST
नोएडा ब्यूरो
अमर उजाला ब्यूरो, गुरुग्राम
अमर उजाला ब्यूरो, गुरुग्राम
Published by: नोएडा ब्यूरो
Updated Sun, 05 Oct 2025 04:01 PM IST
सार
गुरुग्राम में एक ठगी का नया मामला सामने आया है। जहां पर जालसाजों ने जीवा धोनी, आलिया भट्ट और अल्लू अर्जुन के साथ टीवी एड के नाम पर ठगी की है। फाेटोशूट के नाम पर एक युवक से 33,280 रुपये की धोखाधड़ी हुई है।
विज्ञापन
audition room
- फोटो : AI
विस्तार
जालसाजों ने बेटी के फाेटोशूट के नाम पर एक युवक से 33,280 रुपये की धोखाधड़ी की है। पीड़ित की बेटी का जीवा धोनी, आलिया भट्ट और अल्लू अर्जुन के साथ ओरियो शूट के लिए चुने जाने की बात कहकर वारदात को अंजाम दिया गया। युवक से फोटोशूट और ड्रेस के लिए एक लाख रुपये की मांग भी की। पीड़ित ने साइबर अपराध थाना पश्चिम में जालसाजों के खिलाफ शिकायत दी है।
विज्ञापन
सेक्टर-107 निवासी प्रीतम घोष ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 29 अगस्त को वह परिवार के साथ एंबियंस मॉल गया था। जंबर रेस्तरां के सामने एक युवती आई और उसने अपना नाम अंजली बताया। युवती ने खुद को वोग किड्स इंडिया का हिस्सा बताते हुए कहा कि वह विज्ञापन में हिस्सा लेने के इच्छुक बच्चों की तलाश कर रही है। युवती ने प्रीतम घोष की छह साल की बेटी को देखने के बाद उन्हें ऑडिशन के बारे में बताया।
विज्ञापन
इसके बाद प्रीतम की पत्नी का मोबाइल नंबर ले लिया और रात करीब 11.23 बजे अंजली ने व्हाट्सएप पर 30 अगस्त को होने वाले होम ऑडिशन के बारे में बताया। इसके बाद प्रीतम घोष की पत्नी ने बेटी की तस्वीरों के साथ एक होम शॉट वीडियो साझा किया तो ऑडिशन में बेटी का चयन होने का मैसेज मिला।
विज्ञापन
अंजली ने ऑडिशन के लिए शुल्क जमा कराने के लिए आनंद अग्रवाल के नाम से स्कैनर साझा करते हुए कहा कि वह फोटोग्राफर हैं, जो बेटी का पोर्टफोलियो (पेशेवर फोटो एल्बम) बनाएंगे। प्रीतम ने 31 अगस्त को 33,280 रुपये का भुगतान कर दिया। एक सितंबर को ओरियो विज्ञापन के लिए प्रीतम से बेटी के कुछ वीडियो व फोटो भेजने के लिए कहा।
दो सितंबर को प्रीतम को बताया गया कि उनकी बेटी को जीवा धोनी, आलिया भट्ट और अल्लू अर्जुन के साथ ओरियो शूट के लिए चुना गया है। फोटोशूट व ड्रेस के लिए एक लाख रुपये देने होंगे। इसके बाद प्रीतम घोष को अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ तो उन्होंने रुपये देने मना कर दिया। इसके बाद जालसाजों ने प्रीतम घोष व उनकी पत्नी के मोबाइल नंबर को व्हाट्सएप पर ब्लॉक कर दिया और न कॉल पर बात की और न ही रुपये वापस दिए। प्रीतम घोष की शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।