Faridabad: मेट्रो कार्ड रिचार्ज के नाम पर 2.36 लाख की ठगी, एक ही परिवार के तीन लोगों के खाते से निकाले पैसे
फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में मेट्रो कार्ड रिचार्ज करने के नाम पर 2.36 लाख रुपये की ठगी हो गई। पीड़ित के परिवार के तीनों बैंक खातों में एक ही फोन जुड़ा हुआ था। थाना साइबर बल्लभगढ़ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
विस्तार
फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में मेट्रो कार्ड रिचार्ज करने के नाम पर 2.36 लाख रुपये की ठगी हो गई। पीड़ित के परिवार के तीनों बैंक खातों में एक ही फोन जुड़ा हुआ था। थाना साइबर बल्लभगढ़ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
सेक्टर 2 निवासी देवदत्त शर्मा ने बताया कि उनके तीन बैंक खाते है। जोकि पत्नी निर्मला शर्मा व पुत्र तुषार शर्मा के नाम से खोले हुए हैं। तीनों खातों में उनका फोन नंबर दर्ज है। 19 अप्रैल को सुबह 8 बजे फोनपे द्वारा बेटे तुषार शर्मा के दिल्ली मेट्रो कार्ड को रिचार्ज करने के लिए 600 रुपये की पेमेंट की गई, लेकिन मेट्रो कार्ड रिचार्ज पेंडिंग दिखा रहा। काफी समय इंतजार करने के पश्चात मेट्रो कार्ड रिचार्ज नहीं हुआ। उसके बाद उन्होंने गूगल से दिल्ली मेट्रो का शिकयत नंबर सर्च किया। फोन से उक्त नंबर पर शिकायत दर्ज कराई लेकिन कंप्यूटर टूनिंग के द्वारा बताया गया कि फोन में कॉल करने के लिए पर्याप्त बैलेंस अकाउंट नहीं है। जबकि उनके मोबाइल रिचार्ज था। मेट्रो के उक्त नंबर पर शिकायत दर्ज करने के लिए फोन मिलाया तो बताया कि रिचार्ज अभी पेंडिंग है।
नेटवर्क की खराब स्थिति के कारण रिचार्ज पेंडिंग है। पहले आप अपने फोन नंबर से एक रुपए की ऑनलाइन ट्रांजेक्शन करो। जिससे नेटवर्क सही हो जायेगा। जिसके बाद फोन पर एक मैसेज आया, जिसमें कोई लिंक था। लिंक पर क्लिक करने से मना कर दिया। जिसके बाद उन्होंने दोबारा से मेट्रो हेल्पलाइन के नंबरों पर कॉल किया। उसके तुरंत बाद उनके फोन पर चार अलग अलग नंबरों से मैसेज आया। जिसको लेकर उनको कहा गया कि वेरिफिकेशन के लिए मैसेज को 5 सेकंड में फॉरवर्ड करें।
अभी वह सभी नंबरों को नोट करके रख लिए। 20 अप्रैल को मैसेज आया कि 95000 रुपये तंजीर अहमद के नाम ट्रांसफर हुए है। उसके एक मिनट बाद यूपीआई ट्रांजैक्शन आईडी से 5000 रुपये प्रीति यादव के नाम ट्रांसफर होने का मैसेज आया। पत्नी निर्मला शर्मा के अकाउंट से 99999 रुपये तंज़ीर अहमद के नाम ट्रांसफर होने का मैसेज आया। बेटे तुषार शर्मा के अकाउंट से 36500 रुपये तंजीर अहमद के नाम ट्रांसफर होने के मैसेज आया। मैसेज को देखने के बाद उन्होंने बैंक में कॉल करके अकाउंट को ब्लॉक करवा दिया। मेट्रो कार्ड रिचार्ज करने के नाम पर उनके साथ 2,36,499 रुपये की ठगी हो गई।