तो ऐसे हाई अलर्ट पर रहेगी खाकी: नशे में धुत था थाना प्रभारी, अधिकारियों से बात तक न कर पा रहा था, पढ़ें पूरा मामला
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान ही उपायुक्त को थाना प्रभारी की हरकतों पर शक हुआ। बैठक खत्म होने के कुछ देर बाद वे सीधे थाने की ओर निकले और मौके पर उन्होंने थाना प्रभारी को नशे में धुत पाया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नशे में धुत मिलने पर दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने एक थाना प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया। द्वारका दक्षिणी थाना प्रभारी बीरेंद्र सिंह को तत्काल लाइन हाजिर किया गया। बीरेंद्र सिंह नशे में इस कदर धुत थे कि ड्यूटी के दौरान अपने वरिष्ठ अधिकारियों से बात तक नहीं कर पा रहे थे। थाना प्रभारी की ऐसी हालत देख अधिकारी काफी नाराज हुए और उन्होंने तत्काल बीरेंद्र सिंह को लाइन हाजिर करने का आदेश दिया।
जानकारी के अनुसार जहांगीरपुरी घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने सभी थानों को हाई अलर्ट पर रखा है। शांति, सेवा और न्याय के पथ पर चलने वाली दिल्ली पुलिस लोगों की सुरक्षा में लगी है। इसी सुरक्षा व्यवस्था को और बढ़ाने के लिए सभी थानों को सक्रिय रहने के लिए कहा गया है। द्वारका जिले के पुलिस उपायुक्त शंकर चौधरी ने अपने क्षेत्र के थानों की स्थिति जानने के लिए औचक निरीक्षण शुरू किए।
वह शनिवार सुबह-सुबह करीब साढ़े चार बजे द्वारका दक्षिण थाना पहुंचे तो वहां उन्हें थाना प्रभारी बीरेंद्र सिंह नशे में की हालत में मिले। उपायुक्त ने पहले थाने का मुआयना किया और वहां की अव्यवस्थाओं को देखने के बाद जब थाना प्रभारी से सवाल जवाब किए तो बीरेंद्र सिंह ठीक से बातचीत करने की स्थिति में भी नहीं थे। यह देख उपायुक्त काफी नाराज हुए और थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की। इसी दौरान उन्होंने इंस्पेक्टर दिनेश कुमार अरोड़ा को थाना प्रभारी की जिम्मेदारी संभालने के निर्देश भी दिए।
पुलिस सूत्रों का यहां तक कहना है कि बीरेंद्र सिंह के खिलाफ उच्च अधिकारियों को लगातार शिकायतें मिल रही थीं। वहीं कुछ ने बताया कि शुक्रवार देर रात थाना प्रभारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान ही उपायुक्त को बीरेंद्र सिंह की हरकतों पर शक हुआ। बैठक खत्म होने के कुछ देर बाद वे सीधे थाने की ओर निकले और मौके पर उन्होंने थाना प्रभारी को नशे में धुत पाया।