AIPMT में जुड़वां भाइयों का धमाल, दोनो टॉपर बने
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कहते हैं कि जुड़वां सब काम एक साथ करते हैं। इस कहावत को पंजाब के बठिंडा जिले के जुड़वां भाइयों ने चरितार्थ किया है। सीबीएसई की ऑल इंडिया प्री मेडिकल व प्री डेंटल परीक्षा (एआईपीएमटी) के नतीजों में जुड़वां भाइयों साहिल बंसल और राहुल बंसल ने ऑल इंडिया चौथी और छठी रैंक हासिल की है।
इस रैंक के आने से पहले ही जहां राहुल बंसल एम्स की परीक्षा में 23वीं रैंक हासिल कर वहां एमबीबीएस कर रहे हैं, वहीं साहिल की एम्स में 51वीं रैंक आई, जिसके कारण वह वहां दाखिला नहीं ले सके।
साहिल ने अपना दाखिला आईपीयू में करा लिया है। हालांकि वे चाहते थे कि दोनों भाई एक साथ एम्स से पढ़ाई करें। जुड़वां बच्चों के इस कमाल से पिता राकेश कुमार गर्व से फूले नहीं समा रहे हैं।
कभी सोचा नहीं था कि हम दोनों भाई इतना अच्छा कर पाएंगे
मोबाइल से दूर रहकर किस तरह से सफलता हासिल की जा सकती है, यह इन दोनों भाइयों ने कर दिखाया है। साहिल के पिता व्यवसायी राकेश कुमार ने बताया कि शुरुआत से ही दोनों ने मेडिकल में जाना तय किया था।
उनके इस मकसद को हासिल करने में उनकी मां ने भी काफी योगदान दिया। उन्होंने बताया कि हमने हाल ही में अपने बच्चों को मोबाइल फोन लेकर दिए हैं, जिसके कारण ही शायद वे यह सफलता अर्जित कर पाए।
साहिल ने खास बातचीत में बताया कि उन्होंने कभी सोचा नहीं था कि हम दोनों भाई इतना अच्छा रैंक हासिल कर पाएंगे।
दोनों भाई बैडमिंटन खेलने के हैं शौकीन
दोनों भाइयों ने दसवीं तक पढ़ाई सेंट जेवियर (बठिंडा) और 12वीं की पढ़ाई संत फतेह सिंह स्कूल से की है। कोचिंग के सवाल पर उन्होंने बताया इसके लिए उन्होंने वहीं के एक संस्थान से कोचिंग ली थी।
साहिल अंकों के खेल में अपने भाई राहुल को पछाड़ चुके हैं। साहिल ने जहां 12वीं में 94.2 फीसदी अंक प्राप्त किए थे, वहीं राहुल के 90.8 फीसदी अंक आए थे।
दोनों भाईयों को बैडमिंटन खेलने का काफी शौक है। वहीं हाल में उन्होंने फेसबुक पर अपना अकाउंट बनाया है। अब उनका लक्ष्य एमबीबीएस की पढ़ाई को पूरा कर एमडी करने का है।