सोमवार की सुबह कोहरे और ठंड ने दिल्ली-एनसीआर की रफ्तार धीमी कर दी। कोहरे की वजह से एक तरफ 13 ट्रेनें देरी से चल रही हैं। वहीं दूसरी तरफ दिल्ली एयरपोर्ट पर कोहरे के चलते संचालन बाधित है। दिल्ली एयरपोर्ट से आने और जाने वाली फ्लाइटें देरी से उड़ान भरेंगी या पहुंचेंगी।
वहीं देश के अन्य हिस्सों में भी कोहरे का कहर जारी है। बेंगलुरु के केंपेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ने वाली और वहां पहुंचने वाली 20 फ्लाइटें सुबह 6 बजे से 9 बजे तक बाधित रहीं। दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में आज सुबह कोहरा ऐसा रहा कि लोगों को 50 मीटर के बाद चीजें देखने में परेशानी हुई।
All flights to and from #Delhi delayed due to fog conditions; Visuals (pic 1 &2) from the area around Indira Gandhi International airport pic.twitter.com/CPkOb2hA6x
— ANI (@ANI) January 7, 2019
साल की पहली बारिश से बढ़ा पारा
राजधानी में रविवार तड़के और फिर रात में बारिश के कारण कोहरा छंट गया, लेकिन ठंडी हवाओं के कारण ठिठुरन बढ़ने का अहसास हुआ। हालांकि, मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को इस सीजन में न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो कि सामान्य से एक डिग्री ज्यादा है।
अगले सप्ताह राजधानी में बारिश की संभावना नहीं है, जबकि पूरे सप्ताह सुबह के वक्त घना कोहरा रहने और आसमान साफ रहने के आसार हैं। इस सप्ताह उत्तर-भारत के अधिकतर हिस्सों में शीत लहर और घना कोहरा रहने के आसार हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार तड़के राजधानी में 4.3 मिमी बारिश दर्ज हुई। इस बीच पालम में 1.3 मिमी, लोधी रोड पर 4 मिमी, आया नगर में 3 मिमी और रिज एरिया में 3.4 मिमी बारिश दर्ज हुई।