Air Pollution: दिल्लीवासी इस सप्ताह लेंगे साफ हवा में सांस, एनसीआर में ग्रेटर नोएडा की वायु सबसे साफ
सीपीसीबी के अनुसार अगस्त माह के पहले सप्ताह में भी हवा की स्थिति संतोषजनक रहने का अनुमान है।
विस्तार
राजधानी में रहने वाले लोगों ने रविवार को साफ हवा में सांस ली। दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 65 दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) ने यह जानकारी दी। सोमवार को भी वायु गणुवत्ता संतोषजनक रहने की संभावना है। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की बूंदाबांदी के भी आसार हैं।
बारिश और मौसम की वजह से पर्यावरण साफ है। इससे लोगों को सप्ताह भर स्वच्छ वायु प्राप्त होगी। दरअसल दूसरे राज्यों के साथ दिल्ली में भी रुक-रुककर बारिश हो रही है जिससे हवा की गुणवत्ता में काफी सुधार आया है।
वहीं, हवा उत्तर पश्चिम दिशा में 10-18 प्रति किलोमीटर चल सकती है। सीपीसीबी के अनुसार अगस्त माह के पहले सप्ताह में भी हवा की स्थिति संतोषजनक रहने का अनुमान है।
दिल्ली-एनसीआर में सबसे साफ हवा ग्रेटर नोएडा की दर्ज की गई। जुलाई माह में हो रही बारिश व हवाओं के कारण सुधार देखा जा रहा है। दिल्ली में भी लंबे समय के बाद सुधार देखा गया है। अगर दिल्ली एनसीआर के इलाकों की बात करें तो फरीदाबाद में एक्यूआई 51, गाजियाबाद में 64, ग्रेटर नोएडा में 50, गुरुग्राम में 62 और नोएडा में 61 दर्ज किया गया।