दिल्ली में कई जगह भीषण जाम: त्योहारों की खरीदारी ने थामी राजधानी की रफ्तार, सड़कों पर रेंग रहे वाहन; वीडियो
बाजारों के अलावा राजधानी के प्रमुख मार्गों पर भी ट्रैफिक की रफ्तार धीमी रही। आईटीओ, साउथ एक्सटेंशन और धौला कुआं के आसपास वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। लोधी रोड पर फ्लाईओवर के पास भी गाड़ियों का दबाव रहा।
विस्तार
दिवाली और धनतेरस की खरीदारी के लिए बाजारों में उमड़ी भीड़ का असर दिल्ली की सड़कों पर साफ दिखाई देने लगा है। बुधवार जाम के कारण राजधानी के कई इलाकों में ट्रैफिक प्रभावित रहा। बाजारों के आसपास गाड़ियों की लंबी कतारें लगी रहीं तो प्रमुख सड़कों पर वाहन रुक-रुककर चलते नजर आए। दफ्तर से घर लौटने वाले लोगों के साथ खरीदारी के लिए निकले लोगों को भी जाम से जूझना पड़ा। कई जगह लोगों को कम दूरी तय करने में भी काफी समय लग गया।
Delhi: Traffic snarls are seen in parts of the national capital amid the festive rush. https://t.co/1noSexWCiM
— IANS (@ians_india) November 4, 2026
इन बाजारों के आसपास बढ़ा वाहनों का दबाव
त्योहार के लिए खरीदारी करने वालों की भीड़ चांदनी चौक, करोल बाग, सरोजिनी नगर, लाजपत नगर, साउथ एक्सटेंशन, राजौरी गार्डन और कमला नगर के बाजारों में पहुंच रही है। बुधवार को इन बाजारों के आसपास वाहनों की संख्या बढ़ने से ट्रैफिक पर असर पड़ा। कश्मीरी गेट, हौज खास और डिफेंस कॉलोनी के आसपास भी गाड़ियों की आवाजाही धीमी रही। उत्तरी दिल्ली में कमला नगर से दिल्ली विश्वविद्यालय के लालबत्ती तक वाहनों की कतारें लगी रहीं। पीतमपुरा के कोहाट एन्क्लेव में भी ट्रैफिक प्रभावित हुआ।
आईटीओ से धौला कुआं तक कई रास्तों पर परेशानी
बाजारों के अलावा राजधानी के प्रमुख मार्गों पर भी ट्रैफिक की रफ्तार धीमी रही। आईटीओ, साउथ एक्सटेंशन और धौला कुआं के आसपास वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। लोधी रोड पर फ्लाईओवर के पास भी गाड़ियों का दबाव रहा। एम्स से सराय काले खां के बीच बारापुला कॉरिडोर पर वाहन धीमी गति से आगे बढ़े। इसके अलावा दिल्ली से गुरुग्राम आने-जाने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सार्वजनिक परिवहन इस्तेमाल करने की सलाह
त्योहारी खरीदारी के दौरान बाजारों के आसपास पार्किंग की जगह मिलना भी लोगों के लिए मुश्किल हो रहा है। ऐसे में ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को निजी वाहनों के बजाय मेट्रो और बसों से सफर करने की सलाह दी है। लोगों से कहा गया है कि बाजार जाने से पहले रास्तों पर ट्रैफिक की स्थिति की जानकारी लें और वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करें। इससे बाजारों के आसपास सड़कों पर वाहनों का दबाव कम करने में मदद मिल सकती है।