फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi ›   Delhi NCR News ›   Delhi: Special revision of electoral rolls begins

Delhi: मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण शुरू, एक फोन पर घर आएंगे बीएलओ; एसआईआर के खिलाफ आप का अभियान तेज

Wed, 01 Jul 2026 01:52 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली Published by: दुष्यंत शर्मा Updated Wed, 01 Jul 2026 01:52 AM IST
सार

पहले दिन बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) ने घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना (इन्यूमरेशन) फॉर्म वितरित किए। कई मतदाताओं ने फॉर्म भरने की प्रक्रिया और आवश्यक जानकारियों को लेकर अधिकारियों से सवाल भी पूछे।

विज्ञापन
Delhi: Special revision of electoral rolls begins
निर्वाचन आयोग ने जारी कर दी है मतदाता सूची।

विस्तार

राजधानी में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन-एसआईआर) अभियान की शुरुआत मंगलवार से हो गई। पहले दिन बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) ने घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना (इन्यूमरेशन) फॉर्म वितरित किए। कई मतदाताओं ने फॉर्म भरने की प्रक्रिया और आवश्यक जानकारियों को लेकर अधिकारियों से सवाल भी पूछे। चुनाव आयोग का यह अभियान पूरे जुलाई माह चलेगा।

विज्ञापन


बीएलओ के अनुसार पहले दिन अभियान को लेकर लोगों का रुख सकारात्मक रहा, लेकिन कई व्यावहारिक चुनौतियां भी सामने आईं। कई घर बंद मिले, जबकि कुछ परिवार दूसरी जगह स्थानांतरित हो चुके हैं। अधिकारियों ने बताया कि प्रत्येक घर पर तीन बार जाने का प्रावधान है। यदि कोई परिवार नहीं मिलता है तो उसके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर संपर्क कर अभियान की जानकारी दी जाएगी।
विज्ञापन


हेल्पलाइन पर फोन कर बीएलओ को बुला सकते हैं घर
अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को भीषण गर्मी के कारण घर-घर जाकर फॉर्म वितरित करने में कठिनाई हुई। कुछ स्थानों पर पुरुष सदस्य घर पर नहीं होने के कारण परिवार के अन्य सदस्य अधिकारियों से बातचीत करने में हिचकिचाते नजर आए। ऐसे मामलों में बीएलओ ने लोगों से अपनी पहचान बताकर सहयोग मांगा। अधिकारियों ने मतदाताओं से किसी भी प्रकार की जानकारी या शिकायत के लिए चुनाव आयोग की हेल्पलाइन 1950 का उपयोग करने की अपील की है। इस हेल्पलाइन पर बुक ए कॉल विद बीएलओ सुविधा भी उपलब्ध है। राजधानी की सभी 70 विधानसभा सीटों के 13,033 मतदान केंद्रों पर यह अभियान एक साथ शुरू किया गया है। चुनाव आयोग ने 13 हजार से अधिक बीएलओ को इस कार्य में लगाया है।
विज्ञापन
विज्ञापन


मतदाताओं को मिलेगी रसीद
अभियान के तहत प्रत्येक मतदाता को गणना फॉर्म की दो प्रतियां दी जा रही हैं। एक प्रति मतदाता के पास रसीद के रूप में रहेगी, जबकि दूसरी बीएलओ के पास जमा होगी। फॉर्म के साथ किसी प्रकार का दस्तावेज संलग्न करने की आवश्यकता नहीं है। हालांकि फॉर्म जमा करना अनिवार्य होगा। जिन मतदाताओं के फॉर्म जमा नहीं होंगे, उनके नाम 5 अगस्त को प्रकाशित होने वाली प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं किए जाएंगे। अंतिम मतदाता सूची 7 अक्तूबर को प्रकाशित की जाएगी। राजधानी में 1,45,10,298 पंजीकृत मतदाता हैं, जिनमें 77.11 लाख पुरुष और 67.98 लाख महिला मतदाता शामिल हैं। वर्ष 2002 के बाद दिल्ली में आकर बसे मतदाताओं को उस राज्य की अंतिम विशेष गहन पुनरीक्षण संबंधी जानकारी भी देनी होगी, जहां वे पहले मतदाता के रूप में पंजीकृत थे। चुनाव आयोग ने मतदाताओं के लिए ऑनलाइन फॉर्म जमा करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई है।

एसआईआर के खिलाफ आप का अभियान तेज
दिल्ली में चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के तहत आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर सूची से मतदाताओं के नाम कटवाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। इसी मुद्दे पर मंगलवार को मुस्तफाबाद विधानसभा में पार्टी के बीएलए-2 (बूथ लेवल एजेंट) कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठन को बूथ स्तर पर सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए।

आम आदमी पार्टी के महासचिव एवं मुस्तफाबाद विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी आदिल अहमद खान ने कहा कि एसआईआर के नाम पर दिल्ली के लाखों मतदाताओं के वोट काटने की कोशिश की जा रही है। पार्टी इसे किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि सभी बीएलए-2 को एसआईआर प्रक्रिया पूरी होने तक अपने-अपने बूथ क्षेत्रों में लगातार सक्रिय रहने और प्रत्येक पात्र मतदाता की हरसंभव सहायता करने के निर्देश दिए गए हैं।


आदिल अहमद खान ने आरोप लगाया कि भाजपा वोट काटो राजनीति कर रही है, जबकि आम आदमी पार्टी लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता यह सुनिश्चित करेगा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से न हटे। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे एसआईआर प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और समय पर अपने आवश्यक दस्तावेज जमा करें।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed