Delhi Pollution: हवा खराब श्रेणी में बरकरार, AQI 250 के पार; लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में दिक्कत
दिल्ली में प्रदूषण का स्तर बढ़ने से लोगों को आंखों में जलन व सांस लेने में दिक्कत महसूस हुई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) का पूर्वानुमान है कि बृहस्पतिवार को हवा बेहद खराब श्रेणी में पहुंच सकती है।
विस्तार
राजधानी में हवा की गति कम होने व दिशा बदलने से हवा खराब श्रेणी में बरकरार है। सोमवार को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 268 दर्ज किया गया, जोकि खराब श्रेणी में है। इसमें रविवार के मुकाबले 52 अंकों की वृद्धि दर्ज की गई है। सुबह के समय आसमान में हल्की धूप में स्मॉग की चादर छाई नजर आई।
प्रदूषण का स्तर बढ़ने से लोगों को आंखों में जलन व सांस लेने में दिक्कत महसूस हुई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) का पूर्वानुमान है कि बृहस्पतिवार को हवा बेहद खराब श्रेणी में पहुंच सकती है। ऐसे में लोगों को जहरीली हवा में सांस लेने को मजबूर होना पड़ेगा।
डिसीजन सपोर्ट सिस्टम (डीएसएस) के मुताबिक, वेटिलेंशन इंडेक्स 5900 घन मीटर प्रति सेकंड रहा। 24 घंटे के भीतर वेंटिलेशन इंडेक्स 2800 घन मीटर प्रति सेकंड रहने का अनुमान है। साथ ही मिक्सिंग डेप्थ 960 मीटर दर्ज की गई। वहीं, भारतीय उष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम) के मुताबिक, सोमवार को हवा उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर से चली। इस दौरान हवा की गति 12 किलोमीटर प्रतिघंटा रही।
मंगलवार को हवा उत्तर-पश्चिम दिशा से चलने का अनुमान है। इस दौरान हवा चार किलोमीटर प्रतिघंटे से चलेगी। वहीं, बुधवार को हवा दक्षिण-पूर्व दिशा की ओर से चलेगी।
एनसीआर में प्रदूषित शहरों का एक्यूआई
दिल्ली — 268
गुरुग्राम — 244
फरीदाबाद — 184
नोएडा — 168
गाजियाबाद — 162
ग्रेटर नोएडा — 144
(नोट: आंकड़े सीपीसीबी के मुताबिक)
सर्दी के मौसम में गर्मी के लिए रहें तैयार
दिल्ली-एनसीआर में इस बार फरवरी की शुरुआत सामान्य से गर्म रह सकती है। कुछ दिन से जिस तरह से न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है, उससे सर्दी के मौसम में भी गर्मी के लिए तैयार रहना होगा।
फरवरी के पहले सप्ताह में अधिकतम व न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। इस कारण से जनवरी की तरह फरवरी के भी गर्म रहने की संभावना है। बारिश की भी उम्मीद नहीं है। बीते रविवार को तेज हवा ने सुबह व शाम को ठंडक का अहसास कराया था। इस कारण से अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक 23.7 डिग्री और न्यूनतम 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। आठ साल में 26 जनवरी सबसे गर्म रहा था। वहीं न्यूनतम तापमान लगातार चौथे दिन 10 डिग्री से कम रहा था। सोमवार को अधिकतम तापमान में फिर बढ़ोतरी देखने को मिली। यह सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस रहा।