सोमनाथ ने बस्सी को कहा आरोपी और मोल ली फजीहत
आप की पहली सरकार से ही विवादों में घिरे रहने वाले आप के पूर्व कानून मंत्री और विधायक अब पत्नी से झगड़े के बाद एक नए विवाद में फंस गए हैं।
पत्नी से झगड़े का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि सोमनाथ भारती इस बार दिल्ली के पुलिस कमिश्नर बीएस बस्सी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के कारण मुश्किल में फंसते नजर आ रहे हैं।
गौरतलब है कि भारती ने एक ट्वीट कर कमिश्नर बस्सी के लिए आरोपी शब्द का इस्तेमाल किया था जिसको लेकर अब दिल्ली पुलिस हाईकोर्ट में भारती के खिलाफ मुकदमा दायर करेगी।
डिलीट कर दिया था विवादित ट्वीट
बता दें कि अपनी पत्नी पर घरेलू हिंसा करने और उसे प्रताड़ित करने के आरोपों से जूझ रहे सोमनाथ भारती ने खुद ही फिर से एक और बवाल को न्यौता दिया है।
आप विधायक जरनैल सिंह की मार पिटाई से जुड़े एक मामले को लेकर सोमनाथ भारती शुक्रवार को अपने ट्विटर अकाउंट पर एक ट्वीट किया था जिसमें पुलिस कमिश्नर के लिए 'आरोपी' शब्द का इस्तेमाल किया था।
हालांकि उस ट्वीट पर बवाल होने के कारण भारती ने कल ही उस ट्वीट को डीलीट भी कर दिया था। लेकिन दिल्ली पुलिस का कहना है कि जिस संबंध में वो ट्वीट किया गया था वो एक सिविल केस है और ऐसे में पुलिस के लिए आरोपी शब्द का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता।
पुलिस का कहना है कि सोमनाथ भारती की वो टिप्पणी कानून की अवमानना है इसलिए अब पुलिस उनके खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट में मुकदमा दायर करेगी।