{"_id":"66920fd11e93a7c00500ada9","slug":"delhi-police-registers-fir-in-case-of-indecent-remarks-against-martyr-s-widow-2024-07-13","type":"story","status":"publish","title_hn":"NCW की शिकायत पर कार्रवाई: बलिदानी कैप्टन अंशुमन सिंह की पत्नी पर किया था घटिया कमेंट, पुलिस ने दर्ज की FIR","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
NCW की शिकायत पर कार्रवाई: बलिदानी कैप्टन अंशुमन सिंह की पत्नी पर किया था घटिया कमेंट, पुलिस ने दर्ज की FIR
Sat, 13 Jul 2024 10:55 AM IST
विजय पुंडीर
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
Published by: विजय पुंडीर
Updated Sat, 13 Jul 2024 10:55 AM IST
सार
कैप्टन अंशुमान सिंह को उनकी वीरता और शहादत के लिए कुछ दिनों पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मरणोपरांत कीर्ति चक्र से सम्मानित किया था। अंशुमान सिंह की पत्नी को लेकर सोशल मीडिया पर एक व्यक्ति ने अभद्र टिप्पणी की थी।
विज्ञापन
कैप्टन अंशुमान सिंह की पत्नी पर किया था घटिया कमेंट
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर शहीद कीर्ति चक्र कैप्टन अंशुमान सिंह की पत्नी स्मृति पर अभद्र टिप्पणी करने के मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मामला दर्ज कर लिया है। राष्ट्रीय महिला आयोग की ओर से मिली एक शिकायत पर जांच पड़ताल करने के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की है। पुलिस तकनीकी जांच कर आरोपी की पहचान करने में जुटी है।
विज्ञापन
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय महिला आयोग की ओर से एक शिकायत मिली थी। इसमें आरोप लगाया गया है कि एक फेसबुक प्रोफाइल पर शहीद अंशुमान सिंह की विधवा की तस्वीर पर अभद्र और अपमानजनक टिप्पणी की गई है। राष्ट्रीय महिला आयोग ने हाल ही में इस मामले पर स्वत: संज्ञान लिया और दिल्ली पुलिस से इस मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। शिकायत पर पुलिस ने इसकी जांच पड़ताल की।
विज्ञापन
शुरुआती जांच के बाद दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की आईएफएसओ (इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस) यूनिट ने नए कानून की धारा 79 बीएनएस और आईटी अधिनियम की धारा 67 के तहत मामला दर्ज कर लिया। पता चला है कि अहमद नाम के अकाउंट से यह टिप्पणी की गई है। पुलिस ने कथित तौर पर टिप्पणी करने वाले सोशल मीडिया हैंडल का विवरण मांगने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को पत्र लिखा है। जानकारी मिलने के बाद आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
कैप्टन अंशुमान सिंह गत वर्ष अपने साथियों की जान बचाने की कोशिश में सियाचिन में वीरगति को प्राप्त हो गए थे। दो दिन पूर्व ही उन्हें 'कीर्ति चक्र' प्रदान किया गया है। उनकी तरफ से उनकी धर्मपत्नी और मां ने राष्ट्रपति से इस सम्मान को ग्रहण किया। इस अवसर पर अंशुमान सिंह की धर्म पत्नी का बयान और वीडियो मीडिया की सुर्खियों में आ गए। इस पर सोशल मीडिया पर टिप्पणी करते हुए एक यूजर ने अभद्र बात कह दी, जो सोशल मीडिया में चर्चा में आ गया। जब यह मामला राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा के संज्ञान में आया, तो उन्होंने इसे बेहद अपमानजनक और एक वीरगति प्राप्त सैनिक की धर्मपत्नी के प्रति अभद्रतापूर्ण पाया। उन्होंने इस सोशल मीडिया यूजर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की बात कही।