धमकाकर बनाए संबंध: तंग आकर युवती ने मिलने से किया मना, आरोपी ने वायरल कर दिया अश्लील वीडियो, जांच में जुटी पुलिस
फरीदाबाद के मुजेसर थाना क्षेत्र निवासी एक युवती ने पड़ोस में रहने वाले युवक पर डरा धमकाकर संबंध बनाए जाने की शिकायत पुलिस से की है। वहीं दूसरी मामले में डबुआ थाना क्षेत्र निवासी एक युवती ने शादी का झांसा देकर बिहार निवासी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों ही मामले दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
विस्तार
फरीदाबाद में शहर के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में युवतियों से दुष्कर्म के मामले सामने आए हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पहले मामले में मुजेसर थाना क्षेत्र निवासी एक युवती ने पुलिस को शिकायत दी कि उसके पड़ोस में रहने वाले युवक ने उसे डरा धमकाकर संबंध बनाए। आरोपी ने उसकी अश्लील वीडियो और फोटो भी खींच ली।
वहीं वीडियो वायरल करने के नाम पर आरोपी ने चार महीनों तक उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी की हरकतों से तंग आकर पीड़िता ने आरोपी से मिलने से मना कर दिया। इस पर आरोपी ने उसकी अश्लील फोटो व वीडियो रिश्तेदारों के मोबाइल पर भेजकर वायरल कर दिया। महिला थाना एनआईटी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शादी का झांसा देकर दुष्कर्म
दूसरे मामले में डबुआ थाना क्षेत्र निवासी एक युवती को शादी का झांसा देकर बिहार निवासी युवक ने दुष्कर्म किया। युवती ने पुलिस को बताया कि उसके साथ नारायणपुर बिहार निवासी शुभम तिवारी काम करता था। दोनों में दोस्ती हुई। शुभम ने उससे शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। आरोपी करीब दो साल तक युवती को गुमराह कर दुष्कर्म करता रहा। पीड़िता ने उससे शादी करने के दबाव बनाना शुरू किया तो आरोपी ने उससे मिलना बंद कर दिया और शादी करने से साफ मना कर दिया। पीडिता की शिकायत पर महिला थाना एनआईटी पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।