दिल्ली की हवा में फिर बढ़ रहा प्रदूषण, सोमवार दिन में ज्यादातर इलाकों का एक्यूआई 300 के पार दर्ज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली-एनसीआर की हवा में कुछ दिनों के सुधार के बाद प्रदूषण एक बार फिर बढ़ने लगा है। सोमवार सुबह केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की वेबसाइट ने 8.00 बजे के जो आंकड़े जारी किए उसके अनुसार दिल्ली के कई प्रमुख इलाकों का वायु गुणवत्ता सूचकांक 300 के पार दर्ज किया गया है, जो बेहद खराब की श्रेणी में आता है। ऐसी ही स्थिति दोपहर दो बजे के दौरान दर्ज आंकड़ों में भी बनी हुई है। अब भी कई इलाकों का एक्यूआई 350 के पार दर्ज किया गया है जो सुबह से भी खराब है।
इन इलाकों में आनंद विहार, बवाना, जहांगीरपुरी, डीटीयू आदि प्रमुख हैं। वहीं जिन इलाकों में एक्यूआई 300 से कम है तो वो भी 250 के पार है, जो सांसों के लिए उतनी ही हानिकारक है।
रविवार को खराब श्रेणी में और खराब हुई दिल्ली की हवा
तापमान में गिरावट और हवा के मध्यम चाल की वजह से रविवार को राजधानी की हवा खराब श्रेणी में एक दिन के मुकाबले 23 अंक के आकड़ों के चढ़ाव के साथ और खराब हो गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड(सीपीसीबी) के अनुसार, रविवार को औसतन वायु गुणवत्ता सूचकांक 274 दर्ज किया गया, जबकि एक दिन पहले यह आंकड़ा 251 था। साथ ही दिल्ली- एनसीआर में शामिल गाजियाबाद में 288 के आंकड़े के साथ सबसे खराब हवा दर्ज की गई।
दरअसल इन दिनों हवा का रुख उत्तर- पश्चिम दिशा की ओर बना हुआ है। इसके साथ ही हवा की रफ्तार में भी कमी है। इसके अलावा वेंटिलेशन इंडेक्स कम होने की वजह से प्रदूषण के तत्वों को छंटने में मदद नहीं मिल रही है।
पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय की वायु मानक संस्था सफर के अनुसार, शनिवार को दिल्ली के पड़ोसी राज्य हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश में पराली जलाने की कुल 649 घटनाएं दर्ज की गई हैं, जिससे उत्पन्न होने वाले पार्टिकुलेट मैटर (पीएम) 2.5 की प्रदूषण में 12 फीसदी हिस्सेदारी रही जबकि एक दिन पहले यह 15 फीसदी और शुक्रवार को 13 फीसदी थी।
वहीं, पीएम 10 का स्तर 187 और पीएम 2.5 का स्तर 108 के साथ खराब श्रेणी में रहा। इससे एक दिन पहले पीएम10 का स्तर 175 और पीएम 2.5 का स्तर 100 रहा था। पीएम 10 का स्तर 100 से कम और पीएम 2.5 का स्तर 60 से कम होने पर सुरक्षित श्रेणी में रखा जाता है।
सफर के अनुसार, रविवार को हवा की रफ्तार 12 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई है। इससे प्रदूषण के तत्वों को बढ़ने में मदद मिली है। वहीं, वेंटीलेशन इंडेक्स 6500 वर्ग मीटर प्रति सेकंड दर्ज किया गया है, हालांकि सोमवार से हवा की रफ्तार 8 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है। इसके अलावा वेंटिलेशन इंडेक्स 15000 वर्ग मीटर प्रति सेकंड तक पहुंच सकता है। इससे राजधानी की हवा खराब से बहुत खराब श्रेणी में भी पहुंचने की संभावना बनी हुई है।
दिल्ली- एनसीआर के आंकड़े
फरीदाबाद- 234
गाजियाबाद- 288
ग्रेटर नोएडा- 270
गुरुग्राम- 242
नोएडा- 273