मासूम की मौत पर सियासत: राहुल के बाद केजरीवाल भी परिवार से मिले, भाजपा ने कांग्रेस को दिखाया आंकड़ों का आईना
मंगलवार भीम आर्मी चीफ व अन्य नेताओं के बाद बुधवार को भी मासूम के परिवार से मिलने के लिए नेताओं का तांता लगा है। एक ओर जहां सुबह ही राहुल गांधी यहां आकर मृतका के परिजनों से मिले वहीं केजरीवाल ने भी परिवार से मुलाकात कर मुआवजे का एलान किया। वहीं दूसरी तरफ भाजपा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कांग्रेस शासित राज्यों में दुष्कर्म के मामलों को लेकर क्या हकीकत है उसे सामने रखा।
विस्तार
अनुराग ठाकुर बोले दिल्ली पुलिस कर रही सही कार्रवाई
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर नांगली में मासूम बच्ची के साथ हुई निर्ममता के मामले में कहा है कि दिल्ली पुलिस दुष्कर्म आरोपी के खिलाफ सही कार्रवाई कर रही है। केंद्र ने नाबालिग बच्चियों के साथ होने वाले यौन शोषण को लेकर फास्ट ट्रैक कोर्ट का भी गठन किया है ताकि उन्हें जल्द से जल्द न्याय मिले। लेकिन कुछ पार्टियां ऐसे मुद्दों का सिर्फ राजनीतिकरण करती हैं और ये नहीं देखतीं कि उनके राज्य में क्या हो रहा है। दिल्ली पुलिस अपना काम कर रही है और चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। लेकिन मुद्दों का राजनीतिकरण करना कुछ दलों की आदत हो गई है। जब ऐसा ही कुछ कांग्रेस शासित राज्य में होता है तो वह मूक दर्शक बनकर रहते हैं और कुछ नहीं करते।
Delhi Police taking the right action (against rape accused). The Centre has also set up fast-track courts for sexual abuse against minor girls to ensure justice is served to them. But some parties only politicize &don't see what happens in their own state: Union Min Anurag Thakur
— ANI (@ANI) August 4, 2021विज्ञापन
केजरीवाल ने किया पीड़ित परिवार के लिए 10 लाख के मुआवजे का एलान
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल आज पीड़िता के परिवार से जाकर मिले। उन्होंने कहा, जो बच्ची के साथ अन्याय हुआ है वह बेहद दुखद है। बच्ची को वापस नहीं लाया जा सकता लेकिन दिल्ली सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। दिल्ली सरकार पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपये का मुआवजा देगी। साथ ही इस मामले में मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए जाएंगे। इस केस में दिल्ली सरकार बड़े से बड़ा वकील भी लगाएगी ताकि आरोपियों को सख्त से सख्त सजा हो। दिल्ली के अंदर कानून व्यवस्था को ठीक करने की बेहद आवश्यकता है। कानून व्यवस्था को सुधारने की बहुत जरूरत है। केंद्र सरकार से अपील है कि इस मामले में सख्त कदम उठाए, दिल्ली सरकार उनका पूरा सहयोग करेगी। दिल्ली देश की राजधानी है, यहां यदि इस तरह की घटनाएं घटती हैं तो यह मैसेज दुनिया के अंदर अच्छा नहीं जाता है इससे लोग असुरक्षित महसूस करते हैं।
राहुल गांधी और आदेश गुप्ता के खिलाफ नारेबाजी हुई
आज जब परिजनों से मिलने राहुल गांधी और भाजपा के आदेश गुप्ता पहुंचे तो इन दोनों नेताओं के खिलाफ स्थानीय लोगों ने विरोध किया।
भाजपा ने साधा कांग्रेस पर निशाना
भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कांग्रेस पर इस मामले में राजनीति करने का आरोप लगाते हुए उसे राजस्थान में दुष्कर्मों के मामलों के आंकड़ों से परिचित कराया। संबित पात्रा ने कहा, दिल्ली में नौ साल की बच्ची का सामूहिक दुष्कर्म और फिर हत्या के मामले में राजनीति गरमा गई है। बुधवार सुबह पीड़ित परिवार से मिलने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पहुंचे तो भाजपा ने उन पर राजनीति करने का आरोप लगा दिया है। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कांग्रेस व राहुल गांधी से कहा है कि रेप पर राजनीति करना अच्छा नहीं है। कांग्रेस को दिल्ली में दलित की बच्ची से दुष्कर्म दिखाई देता है लेकिन राजस्थान के रेप पर वह चुप क्यों हो जाते हैं। पात्रा ने आगे कहा कि, दिल्ली के नांगल में नन्ही सी बच्ची के साथ रेप हुआ, ये बहुत दुखद है, हम इसकी घोर निंदा करते हैं। इसमें चार से अधिक लोग गिरफ्तार हुए हैं। कानून इस पर अपना काम कर रहा है। लेकिन रेप के मामलों में अगर राजनीति की जाए, तो ये राजनीति का सबसे निम्न स्तर होता है।
राहुल गांधी ने परिजनों को दिलाया न्याय का भरोसा
दिल्ली कैंट के नांगल गांव में सामूहिक दुष्कर्म के बाद नौ साल की बच्ची की हत्या कर शव का अंतिम संस्कार करने का मामला तूल पकड़ लिया है। मंगलवार को जहां पीड़ित बच्ची के परिजनों से मिलने के लिए कई पार्टी के नेता वहां पहुंचे, वहीं कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी बुधवार सुबह ही पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिवार के लोगों को अपनी ही गाड़ी में बिठाकर बात की। यह मुलाकात दस मिनट से भी ज्यादा समय की रही। परिवार से मिलने के बाद राहुल गांधी ने कहा, मैंने परिवार से बात की और उन्हें सिर्फ न्याय चाहिए और कुछ नहीं। वह कह रहे हैं कि उन्हें न्याय नहीं मिल रहा है, उनकी मदद की जानी चाहिए। हम वह करेंगे। मैंने उन्हें बताया है कि मैं उनके साथ खड़ा हूं। राहुल गांधी तब तक उनके साथ खड़ा है जब तक कि उन्हें न्याय नहीं मिल जाता। पात्रा ने कहा कि, एनसीआरबी के अनुसार राजस्थान बलात्कार के मामलों में शीर्ष पर है। पिछले 6 महीनों में राजस्थान में बलात्कार के मामलों में 30 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। 2020 में राजस्थान में 13,750 केस बलात्कार के हुए। कोरोना काल में इस प्रदेश में बलात्कार के मामलों में 38 प्रतिशत का इजाफा हुआ है।
एनसीपीसीआर ने मामले में लिया स्वत: संज्ञान
दिल्ली के नांगला में नौ वर्षीय बच्ची से सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या मामले में नेशनल कमीशन फॉर प्रोटेक्शन ऑफ चाइल्ड राइट्स (एनसीपीसीआर) ने स्वतः संज्ञान लिया है। एनसीपीसीआर ने दक्षिण पश्चिम दिल्ली के डीसीपी को पत्र लिखकर इस मामले में एक विस्तृत रिपोर्ट 48 घंटे के अंदर मांगी है।
राहुल ने इस मामले में ट्वीट कर भी घटना की निंदा की थी। उन्होंने लिखा था कि, 'दलित की बेटी भी देश की बेटी है'। वहीं खबर है कि आज दिन में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी पीड़ित परिवार से मिलने जाएंगे।
Delhi: Today Congress leader Rahul Gandhi to meet the family of the minor girl who was allegedly raped, murdered, and cremated without her parents' consent in Old Nangal crematorium, earlier this week.
(File photo) pic.twitter.com/OCGr1M2SlG
— ANI (@ANI) August 4, 2021
मंगलवार को क्या-क्या हुआ
मंगलवार को भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर आजाद और दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौधरी पीड़ित परिवार से मिलने वालों में प्रमुख रहे। लेकिन नेताओं को स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने इसे राजनीतिक मंच बनाने पर आपत्ति जताई।
चंद्रशेखर आजाद ने मुलाकात के दौरान परिजनों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि देश की राजधानी में बच्ची सुरक्षित नहीं है, तो देश के अन्य हिस्सों में क्या हाल होगा यह आसानी से समझा जा सकता है। दिल्ली में महिला सुरक्षा के नाम पर बसों में मार्शल लगाए जाते हैं, वहीं घर के बाहर बच्ची असुरक्षित है। आखिर यह कैसी दिल्ली है।
उन्होंने कहा कि दुष्कर्म के मामलों में यह एक नया चलन है कि दुष्कर्म के बाद सुबूत मिटाने के इरादे से शव का अंतिम संस्कार कर दिया जाए। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए।
वहीं, अनिल चौधरी ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिले, इसके लिए जो भी बन पड़ेगा, वह किया जाएगा। दिल्ली में कानून व्यवस्था के बिगड़ते हालात पर उन्होंने कहा कि बच्ची के साथ हुआ यह जघन्य अपराध अपने आप में इस बात को दर्शाता है कि यहां कानून व्यवस्था को लेकर सरकारी एजेंसियां बेफ्रिक हैं।
पार्टी का झंडा लहराने पर स्थानीय लोगों ने जताई आपत्ति
पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे नेताओं को स्थानीय लोगों ने साफ तौर पर कह दिया कि उन्हीं नेताओं को परिवार से मिलने की इजाजत होगी जो इस मामले में राजनीति नहीं करेंगे। मंच के पास पार्टी का झंडा लहराने पर स्थानीय लोगों ने आपत्ति जताई और कहा कि मंच के पास किसी भी पार्टी का झंडा लहराया नहीं जाएगा। लोगों ने कहा कि यह समाज की बेटी के साथ हुए जघन्य अपराध का मामला है, इसपर राजनीति करने की इजाजत किसी भी कीमत पर नहीं दी जाएगी।
दिल्ली महिला आयोग ने दिल्ली पुलिस को भेजा समन
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने दिल्ली कैंट में नौ साल की बच्ची की हत्या के मामले में दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है। आयोग ने इस मामले में पुलिस की ओर से अब तक की गई जांच का रिपोर्ट पांच अगस्त तक आयोग में पेश करने के लिए कहा है। आयोग ने पुलिस में मामले में की गई प्रथम सूचना रिपोर्ट, परिवार की ओर से दी गई 164 के बयान की कॉपी, इस मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों की जानकारी और इस मामले में पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई का ब्यौरा मांगा है।
नौ साल की बच्ची की हैवानियत के बाद हत्या बेहद शर्मनाक: अरविंद केजरीवाल
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने नौ साल की बच्ची के साथ हैवानियत के बाद हत्या को बेहद शर्मनाक बताया है। मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर बताया कि दिल्ली में कानून व्यवस्था दुरुस्त किए जाने की जरूरत है। दोषियों को जल्द फांसी की सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वह बुधवार को पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे हैं। न्याय की इस लड़ाई में परिवार की हर संभव मदद करने की बात कही है।