दिल्ली मेट्रो: मजेंटा लाईन की रफ्तार पर पक्षी ने लगाई ब्रेक, आजादपुर स्टेशन में घुसा बंदर
दिल्ली मेट्रो की मजेंटा लाईन पर कालिंदी कुंज मेट्रो स्टेशन के पास एक जलकाग (जलीय पक्षी) अचानक मेट्रो ट्रैक पर गिर गया। इस पक्षी को मेट्रो ट्रैक पर देख मेट्रो ट्रेन के चालक ने ट्रेन को समय रहते रोक लिया। इसके बाद वाइल्ड लाईफ कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर पक्षी को ट्रैक से सकुशल बाहर निकाल लिया। इस बीच मेट्रो का संचानल थोड़ी देर तक प्रभावित रहा।
जानकारी के अनुसार दिल्ली मेट्रो की मजेंटा लाईन के कालिंदी कुंज मेट्रो स्टेशन पर दोपहर में एक जलकाग अचानक मेट्रो ट्रैक पर गिर गया। इसके बाद वह ट्रैक पर इधर-उधर भागने लगा, लेकिन उड़ नहीं पाया। इसी बीच आई एक मेट्रो ट्रेन के चालक ने पक्षी को ट्रैक पर जान बचाने के लिए भागते देखा तो उसने स्टेशन से पहले ही ट्रेन को रोक दिया। फिर मेट्रो स्टाफ और वाइल्ड लाईफ हेल्पलाईन पर पक्षी की सूचना दी गई।
इसके बाद मौके पर पहुंचे वाइल्ड लाईफ कर्मियों ने ट्रैक पर उतरकर पक्षी को पकड़ा। वाइल्ड लाईफ अधिकारियों का मानना है कि कालिंदी कुंज मेट्रो स्टेशन के पास ही ओखला बर्ड सेंचुरी है और हो सकता है कि यह पक्षी वहीं से उड़कर मेट्रो ट्रैक तक पहुंच गया। बताया गया कि पक्षी ट्रैक पर गिरकर चोटिल हो गया और ट्रेन को आता देख बुरी तरह घबरा गया, जिस कारण वह बेहद सहमी हुई अवस्था में पकड़ा गया। वाइल्ड लाईफ कर्मी पक्षी को उसके प्राकृतिक आवास क्षेत्र में छोडने के लिए अपने साथ ले गए। पक्षी को पकड़के के दौरान लाईन पर मेट्रो ट्रेनों का संचालन रोका गया। हालांकि इस बीच यात्रियों को मेट्रो के रुकने से परेशानी का भी सामना करना पड़ा।
पिंक लाइन के आजादपुर मेट्रो स्टेशन में घुसा बंदर, यात्रियों में दहशत
दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन (मजलिस पार्क-शिव विहार) के आजादपुर मेट्रो स्टेशन में सोमवार को बंदर घुस गया। जिसे देखकर यात्रियों में दहशत फैल गई। पता लगने पर सीआईएसएफ और दिल्ली मेट्रो के स्टाफ ने कड़ी मशक्कत के बाद बंदर को स्टेशन से बाहर निकाला। गनीमत यह रही कि इस बीच बंदर ने किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया।
पिंक लाइन का आजादपुर मेट्रो स्टेशन भूमिगत है और आजादपुर में पिंक लाइन का येलो लाइन पर इंटरचेंज है। यहां येलो लाइन का मेट्रो स्टेशन ऊपरी है। सोमवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे एक बंदर पिंक लाइन के भूमिगत मेट्रो स्टेशन में घुस गया। इसके बाद बंदर मेट्रो के कोच में भी घुस गया। बंदर ने एक कोच से दूसरे कोच में जमकर यात्रियों को परेशान किया। बंदर ने काफी देर तक उछल-कूद की। कुछ यात्रियों ने उसे बाहर भगाने की कोशिश भी की, लेकिन कोई फर्क नहीं पड़ा।
यात्री इसलिए भी परेशान थे कि कहीं बंदर मेट्रो ट्रैक पर न उतर जाए। इस घटना का किसी यात्री ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी अपलोड कर दिया। इसके बाद यह वीडियो कुछ ही मिनटों में सोशल मीडिया पर वायरल भी हो गया। वीडियो में दिखा कि बंदर एस्केलेटर की हैंडरेल पर बैठकर नीचे से ऊपर की ओर जा रहा है।
घटना के बारे में पता लगने पर सीआईएसएफ और दिल्ली मेट्रो कर्मचारी बंदर को भगाने मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद बंदर को घेरकर स्टेशन से बाहर निकाला गया। इस बीच स्टाफ ने यह सावधानी भी बरती कि बंदर भागकर मेट्रो ट्रैक पर न पहुंच जाए। डीएमआरसी का कहना है कि बंदर के स्टेशन में घुसने से यात्री कुछ देर परेशान हुए, लेकिन इस बीच किसी को कोई नुकसान पहुंचने की खबर नहीं है। आजादपुर सब्जी मंडी में बंदरों का जमावड़ा रहता है, शायद वहीं से बंदर स्टेशन के अंदर घुस गया।