दोस्त ने ही दी दगा: सॉफ्टवेयर इंजीनियर को भेजा गर्लफ्रेंड के साथ वाला अंतरंग वीडियो, वायरल करने की धमकी दे मांगे 10 लाख
आरोपी ने पीड़ित के घर पर एक लिफाफा छोड़ा था जिसमें एक पेन ड्राइव और चिट्ठी थी। चिट्ठी में धमकी दी गई थी कि अगर पैसे नहीं दिए तो पेन ड्राइव में जो वीडियो है उसे वायरल कर दिया जाएगा।
विस्तार
पैसों का लालच इतना बुरा है कि वह दोस्त को भी दगाबाज बना देता है। ऐसा ही कुछ हुआ दिल्ली के एक शख्स के साथ जिसके दोस्त ने उसे ब्लैकमेल किया और एक वीडियो वायरल करने की धमकी दे 10 लाख रुपये मांगे।
30 वर्षीय पीड़ित ने चितरंजन पार्क पुलिस स्टेशन में शिकायत दी कि उसके घर पर किसी ने एक लिफाफा और फूलों का गुलदस्ता छोड़ा था। लिफाफे में एक पेन ड्राइव थी जिसमें कथित तौर पर पीड़ित और उसकी प्रेमिका का अश्लील वीडियो था। साथ ही एक चिट्ठी थी जिसमें लिखा था कि अगर कल सुबह तक 10 लाख रुपये नहीं मिले तो आरोपी ये वीडियो वायरल कर देगा।
आरोपी ने पैसों का बैग लक्ष्मी नगर फ्लाईओवर के नीचे एक सुनसान जगह पर रखने को कहा था। इस शिकायत पर पुलिस ने आईपीसी की धारा 384 के तहत केस दर्ज किया और जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने टीमें बनाकर बिछाया जाल
पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए पांच टीमें बनाईं। उसे जाल में फंसाने के लिए एक बैग भी तैयार किया गया और शिकायतकर्ता को वह बैग आरोपी की बताई जगह पर रखने को कहा गया। रात करीब 12 बजे एक शख्स लाल रंग की इग्निश कार में लाल रंग की टीशर्ट और नीली जींस पहनकर फ्लाईओवर पर पहुंचा। वहां से यह तसल्ली हो जाने पर कि बैग सही जगह रखा है, वह उक्त स्थान पर पहुंचा।
जैसे ही वह बैग लेकर अपनी कार की तरफ चल पुलिस की सभी टीमें हरकत में आ गईं और उसे पकड़ने के लिए उसके पीछे भागीं। मामूली हाथापाई के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
शिकायतकर्ता का पुराना मित्र है आरोपी
जब उससे पूछताछ हुई तो पता चला कि उसका नाम समीर जौहरी (31) है। उसने कबूल किया कि उसी ने शिकायतकर्ता के घर पर फूल और लिफाफा रखा था और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 10 लाख रुपये मांगे थे। आगे की जांच में ये भी सामने आया कि वह शिकायतकर्ता का 7-8 साल पुराना मित्र है।
आरोपी के लैपटॉप पर काम कर लॉगआउट करना भूल गया था पीड़ित
दोनों ही गुरुग्राम में अगल-बगल कंपनियों में काम करते थे। आरोपी इजीडाइनर कंपनी में सेल्स मैनेजर है और शिकायतकर्ता सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। अक्तूबर 2020 में शिकायतकर्ता और आरोपी दोनों ग्रेटर कैलाश-2 के एक कैफे में मिले थे। तब शिकायतकर्ता ने आरोपी के लैपटॉप में लॉग इन करके अपना कुछ काम किया था लेकिन बाद वह लैपटॉप से लॉगआउट करना भूल गया।
इसके बाद आरोपी ने शिकायतकर्ता के गूगल ड्राइव से उसकी और उसकी गर्लफ्रेंड की कुछ अंतरंग वीडियो अपने हार्डडिस्क में सेव कर ली। आरोपी को शाही जीवन जीने की आदत है और वह इन दिनों पैसों की तंगी से जूझ रहा था। उसके सिर पर कुछ कर्ज भी चढ़ गया है। इसी वजह से उसने अपने दोस्त को दगा देकर उससे पैसे उगाही करने की योजना बनाई।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उस हार्ड डिस्क को बरामद किया जिसमें उसके दोस्त और गर्लफ्रेंड की अंतरंग वीडियो था, हासिल किया। इसके साथ ही एक मैकबुक, पेनड्राइव, पेन और कार भी बरामद की है।